Gurugram News : सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 गिरफ्तार

Gurugram News : गुरुग्राम में शराब के ठेकों के बाहर खड़े होकर शराब पीना और फिर नशे में हंगामा करके शांति भंग करना और आवागमन में अवरोध पैदा करने वाले 28 लोगों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है । गुरुग्राम पुलिस ने ऐसे 28 लोगों को गिरफ्तार किया है जो सार्वजनिक जगहों पर शराब पीकर हुड़दंग कर रहे थे ।
गुरुग्राम पुलिस के डीसीपी साउथ डॉ0 हितेश यादव के निर्देशन में जोन दक्षिण की पुलिस टीमों द्वारा आमजन की सुरक्षा, शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु निरंतर रूप से विशेष व प्रभावी पुलिस कार्यवाही की जाती रही है । इसी कड़ी में गुरुग्राम के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, शांति भंग करने एवं आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई । (Gurugram News)
गुरुग्राम पुलिस ने कुल 14 केस दर्ज किए हैं जिनमें पुलिस थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम की पुलिस टीमों ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार करके इनके खिलाफ 10 केस, पुलिस थाना भोंडसी गुरुग्राम की पुलिस टीमों ने 4 आरोपियों को काबू करके इनके खिलाफ 2 केस और पुलिस थाना सैक्टर-65, गुरुग्राम की पुलिस टीम में 4 आरोपियों को काबू करके इनके खिलाफ 2 केस दर्ज किए हैं ।
सभी आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग कर रहे थे तथा आमजन के आवागमन/रास्तों को अवरुद्ध करके शांति भंग कर रहे थे। इस पर संबंधित थाना क्षेत्रों में नियमानुसार आवश्यक धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए और सभी आरोपियों को नियमानुसार सम्बन्धित अभियोग में शामिल अनुसंधान किया गया। (Gurugram News)
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दर्ज किए गए सभी मामलों में अनुसंधान जारी है । गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करना दंडनीय अपराध है । ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी पुलिस थाना को दें। गुरुग्राम पुलिस आपकी सुरक्षा में तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है। (Gurugram News)









