Valentine Day पर कार के अंदर मिले प्रेमी जोड़े के खून से लथपथ शव, 15 साल पुराने रिश्ते का खौफनाक अंत
नोएडा के सेक्टर 39 पुलिस थाने की टीम को आज सूचना मिली कि नोएडा दादरी रोड़ पर पिलर नंबर 84 के पास एक दिल्ली नंबर की संदिग्ध कार खड़ी हुई है ।

Valentine Day : प्यार के दिन यानी वैलेंटाइन डे पर उत्तर प्रदेश नोएडा के सेक्टर-107 में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक कार के अंदर युवक और युवती के खून से लथपथ शव मिले हैं । पुलिस की शुरुआती जांच इसे प्रेम प्रसंग और शादी के विवाद में ‘मर्डर और सुसाइड’ का मामला मान रही है । वैलेंटाइन डे के दिन ही युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर अपनी जिंदगी खत्म कर ली ।
संदिग्ध कार और खौफनाक मंजर
दरअसल नोएडा के सेक्टर 39 पुलिस थाने की टीम को आज सूचना मिली कि नोएडा दादरी रोड़ पर पिलर नंबर 84 के पास एक दिल्ली नंबर की संदिग्ध कार खड़ी हुई है । सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार के सभी दरवाजे लॉक थे । जब शीशों से अंदर झांका गया तो कार के अंदर का नज़ारा रोंगटे खड़े कर देने वाला था । गाड़ी की फ्रंट सीट पर एक युवक और एक युवती के शव खून में लथपथ पड़े हुए थे । दोनों के सिर में गोली लगी हुई थी और मृतक युवक के हाथ में पिस्टल थी ।
प्रेमी-प्रेमिका के तौर पर हुई पहचान
मृतक युवक की पहचान सुमित के रूप में हुई है, जो कि दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला था वहीं, युवती की पहचान रेखा कांत के रूप में हुई है, जो नोएडा के सेक्टर 58 इलाके की रहने वाली थी और सेक्टर-62 की एक निजी कंपनी में काम करती थी । पुलिस ने बताया कि रेखा के परिजनों ने बीती रात ही थाना 58 में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी ।

15 साल का रिश्ता और एक आखिरी मैसेज
पुलिस जांच के दौरान सुमित के मोबाइल से एक मैसेज मिला है, जो इस पूरी ‘डेथ मिस्ट्री’ की गुत्थी सुलझाने का मुख्य आधार बना है। डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि सुमित के मोबाइल से मिले मैसेज से पता चला कि मृतक सुमित और रेखा पिछले लगभग 15 सालों से एक दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे । हाल ही में रेखा की शादी कहीं और तय हो गई जिसको लेकर सुमित काफी परेशान था । पुलिस ने बताया कि मैसेज में सुमित ने अपने 15 साल लंबे रिश्ते का हवाला देते हुए रेखा को कहा था कि उसने शादी का वादा तोड़ दिया ।
डीसीपी यमुना प्रसाद (नोएडा) ने बताया के पहली नज़र में ये मामला हत्या के बाद और आत्महत्या का लग रहा है । आशंका है कि सुमित ने पहले रेखा को गोली मारी और फिर खुद को खत्म कर लिया । कार अंदर से लॉक थी, जो इस थ्योरी को पुख्ता करती है। मामले की गंभीरता से जांच के लिए फोरेंसिक की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ।
डिजिटल सबूतों का इंतजार
15 साल का लंबा साथ इस कदर खूनी मोड़ पर खत्म होगा, इसकी कल्पना शायद किसी ने नहीं की थी । फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । पुलिस अब मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स (CDR) का इंतजार कर रही है ताकि इस घटना की हर कड़ी को जोड़ा जा सके । पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है ।









