Mansoon में गुरुग्राम के सात इलाकों को डूबने से बचाने की तैयारी, जीएमडीए ने 34 करोड़ का तैयार किया प्लॉन
ओल्ड दिल्ली रोड पर 3 मीटर चौड़ा नाला बनेगा। रेजांगला चौक पर इसकी चौड़ाई बढ़ाकर साढ़े तीन मीटर की जाएगी। नाले की कुल लंबाई लगभग 2800 मीटर होगी।

Mansoon : हर साल मानसून में जलभराव होने के कारण गुरुग्राम शहर की सड़के डूब जाती है,जिस कारण विश्व स्तर पर बदनामी होती है। इस बार मानसून में शहर को डूबने से बचाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए)ने एक बड़ा प्लॉन बनाया है। प्लॉन के अनुसार ओल्ड गुरुग्राम में सात इलाकों को डूबने से मानसून में बचाने के लिए 34 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
ओल्ड गुरुग्राम के सात प्रमुख इलाकों को भयंकर जलभराव से बचाने के लिए एक ब्लूप्रिंट तैयार किया है। इस बार केवल वादे नहीं, बल्कि 34 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट और टेंडर प्रक्रिया की शुरुआत ने उम्मीदें जगा दी हैं।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने सुशील ऐमा मार्ग पर एक नए मुख्य बरसाती नाले के निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह प्रोजेक्ट विशेष रूप से सेक्टर-21, 22, 23, 23ए, डूंडाहेड़ा, मौलाहेड़ा और कार्टरपुरी के निवासियों के लिए वरदान साबित होगा। इन इलाकों में रहने वाले लोग सालों से बारिश के दौरान ढाई-ढाई फीट पानी के बीच रहने को मजबूर थे।
वर्तमान में उद्योग विहार में नाले की चौड़ाई साढ़े चार मीटर है, लेकिन सुशील ऐमा मार्ग से रेजांगला चौक तक आते-आते यह घटकर मात्र ढाई मीटर रह जाती थी। यही वो डेथ-ट्रैप था जिसकी वजह से पानी वापस गलियों में भर जाता था। अब योजना के तहत ओल्ड दिल्ली रोड पर 3 मीटर चौड़ा नाला बनेगा। रेजांगला चौक पर इसकी चौड़ाई बढ़ाकर साढ़े तीन मीटर की जाएगी। नाले की कुल लंबाई लगभग 2800 मीटर होगी।
इस ड्रेनेज सिस्टम के पीछे एक और बड़ा कारण है। ओल्ड गुरुग्राम में प्रस्तावित मेट्रो के निर्माण के लिए जीएमआरएल (Gurugram Metro Rail Limited) ने शर्त रखी थी कि जब तक ड्रेनेज सिस्टम ठीक नहीं होता, मेट्रो का काम शुरू करना मुश्किल होगा। अब ड्रेनेज का काम शुरू होते ही मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए भी रास्ता साफ हो जाएगा।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह के अनुसार, टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। काम आवंटित होने के बाद इसे पूरा करने में करीब एक साल का समय लगेगा। यानी 2026 के मॉनसून तक गुरुग्राम एक नई तस्वीर के साथ तैयार हो सकता है।









