32nd Milestone के डायरेक्टर पर ₹500 करोड़ की ठगी का आरोप, पुलिस ने 6 दिन की रिमांड पर लिया
गुरुग्राम पुलिस के एसीपी विशाल कुमार ने बताया कि ये ठगी लगभग 500 लोगों के साथ ठगी की गई है । जिसके आधार पर अब तक 5 FIR दर्ज कर ली गई है ।

32nd Milestone : गुरुग्राम पुलिस ने 32nd माइलस्टोन के डायरेक्टर ध्रुवदत्त शर्मा को शुक्रवार को निवेशकों के साथ करोड़ो रुपए की ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया । गुरुग्राम पुलिस के एसीपी विशाल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए ध्रुवदत्त पर 500 से ज्यादा निवेशकों के साथ 500 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप है । पुलिस ने आरोपी को जिला अदालत में पेश करके 6 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है ।
कंपनी को यूनिट बेची नहीं कराई कन्विंस डीड
दरअसल गुरुग्राम पुलिस के पास जनवरी के महीने में ट्रॉम वेंचर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधि ने शिकायत दर्ज करके बताया कि 32nd विस्टास प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशकों ने उनकी कंपनी को सेक्टर 15 में बने 32nd Milestone में 3000 स्क्वेयर फीट की एक यूनिट लगभग ढाई करोड़ में बेची, जिसकी रजिस्ट्री नहीं कराई गई ।

एग्रीमेंट के मुताबिक उस युनिट को 32nd Milestone ने ही 30 साल की लीज पर ले लिया और तय मानकों के मुताबिक किराया भी देने लगे लेकिन पिछले 7 महीनों से किराया देना भी बंद कर दिया । बार बार कहने पर भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई तो पीडित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई । पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस यूनिट को आगे लगभग 100 लोगों को टुकड़ों में बेच दिया गया और निवेशकों के साथ धोखाधड़ी की गई । एसीपी ने बताया कि ये ठगी लगभग 500 लोगों के साथ ठगी की गई है । जिसके आधार पर अब तक 5 FIR दर्ज कर ली गई है ।
500 करोड़ की ठगी का अनुमान
गुरुग्राम पुलिस के एसीपी विशाल कुमार ने बताया कि अभी गुरुग्राम पुलिस के पास एक निवेशक ने शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर FIR दर्ज करके मामले की जांच की गई तो पता चला कि 32nd Milestone के आरोपी डायरेक्टर ध्रुवदत्त शर्मा ने लगभग 100 निवेशकों के साथ लगभग 500 करोड़ रुपए की ठगी की है जिसकी जांच की जा रही है । आरोपी डायरेक्टर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के पास लगभग 40 निवेशकों ने संपर्क किया है ।

ठगी करके करोड़ों के फ्लैट में रह रहा था आरोपी
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने जानकारी दी है कि आरोपी डायरेक्टर ध्रुवदत्त शर्मा ने कई निवेशकों के साथ लगभग 500 करोड़ रुपए की ठगी को अंजाम दिया है । आरोपी डायरेक्टर को शुक्रवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड़ पर बने गुरुग्राम के सबसे महंगी सोसाइटी DLF Camellias के फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है । आरोपी पहले गुरुग्राम के सिविल लाइन्स में रहता था लेकिन अब करोड़ों का फ्लैट लेकर गोल्फ कोर्स रोड़ पर डीएलएफ कैमेलियाज़ सोसाइटी में रहता था ।
गोवा में लगा दिए ठगी के पैसे
एसीपी विशाल कुमार ने बताया कि आरोपी ध्रुवदत्त शर्मा ने लोगों से ठगे करोड़ो रुपए गोवा और नीमराणा में निवेश कर दिए । सूत्रों से जानकारी मिली है कि आरोपी गोवा और नीमराणा में निवेशकों के पैसों से विला बना रहा है ।
6 दिन के रिमांड पर लिया
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि आरोपी ध्रुवदत्त शर्मा को शुक्रवार को गिरफ्तार करके गुरुग्राम जिला अदालत में पेश किया गया है जहां से अदालत ने आरोपी को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है । रिमांड के दौरान आरोपी से उसके द्वारा की गई ठगी की परतों को खोला जाएगा साथ ही इस 500 करोड़ की ठगी में उसके साथ कौन कौन शामिल हैं उनकी जानकारी भी निकलवाई जाएगी ।











