Gurugram: अब गलत ट्रैफिक चालान के लिए नहीं काटने होंगे दफ्तर के चक्कर, घर बैठे ऐसे कराएं ठीक
पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. राजेश मोहन (IPS) ने बताया कि शहर के मुख्य चौराहों पर लगे स्मार्ट कैमरों के जरिए 'पोस्टल चालान' काटे जाते हैं।

Gurugram : क्या आपके पास भी किसी ऐसे वाहन का चालान आया है जो आपका है ही नहीं? या फिर कैमरे की गलती से आपकी नंबर प्लेट गलत पढ़ ली गई है? अब घबराने की जरूरत नहीं है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए गलत चालानों के ऑनलाइन समाधान की प्रक्रिया को और भी सरल बना दिया है।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. राजेश मोहन (IPS) ने बताया कि शहर के मुख्य चौराहों पर लगे स्मार्ट कैमरों के जरिए ‘पोस्टल चालान’ काटे जाते हैं। कई बार तकनीकी खामियों के कारण कैमरे नंबर प्लेट को गलत पढ़ लेते हैं, जिससे निर्दोष वाहन मालिक के पास SMS पहुंच जाता है। इसी समस्या को देखते हुए पुलिस विभाग ने शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए महत्वपूर्ण उपाय साझा किए हैं।

गलत चालान ठीक कराने के 2 आसान तरीके
आपके पास चालान का SMS आता है, तो उसमें एक लिंक दिया होता है। चालान जारी होने से पहले 10 दिनों का समय मिलता है। यदि आपको लगता है कि चालान गलत है, तो तुरंत उस लिंक पर जाकर अपनी आपत्ति (Grievance) दर्ज करें। इस दौरान जांच के बाद चालान को रद्द या सही वाहन पर ट्रांसफर कर दिया जाता है।
अगर 10 दिन बीत चुके हैं और चालान आधिकारिक रूप से कट चुका है, या फिर कोई मैनुअल चालान गलत हुआ है, तो भी आपके पास 90 दिनों का समय होता है। आप अपनी शिकायत और प्रमाण के साथ dcp.trafficggn@hry.nic.in पर ईमेल भेज सकते हैं। इसके लिए अब आपको ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है।
इन चालानों पर नहीं मिलेगी राहत
डीसीपी ट्रैफिक ने स्पष्ट किया है कि कुछ गंभीर नियमों के उल्लंघन पर यह ऑनलाइन छूट लागू नहीं होगी:
ड्रिंक एंड ड्राइव (शराब पीकर गाड़ी चलाना)
बिना परमिट वाहन चलाना
नो एंट्री (No Entry) ज़ोन का उल्लंघन













