Bulldozar Action : कुख्यात रिक्की का वसूली अड्डा जमींदोज, करोड़ों की 3 बीघा सरकारी जमीन हुई मुक्त
जांच में सामने आया कि खांडसा गांव निवासी कुख्यात अपराधी रिक्की (29 वर्ष) ने फेज-4, सेक्टर-37 में HSIIDC की लगभग 3 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था।

Bulldozar Action : हरियाणा सरकार और गुरुग्राम पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ जारी महा-अभियान में एक और बड़ी कार्यवाही हुई है। पुलिस और प्रशासन के संयुक्त दस्ते ने बुधवार को कुख्यात अपराधी रिक्की द्वारा कब्जाई गई करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्यवाही उन अपराधियों के लिए एक सीधा संदेश है जो अपराध के जरिए अवैध संपत्तियां खड़ी करते हैं।
जांच में सामने आया कि खांडसा गांव निवासी कुख्यात अपराधी रिक्की (29 वर्ष) ने फेज-4, सेक्टर-37 में HSIIDC की लगभग 3 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था। आरोपी ने यहाँ टीन शेड डालकर पार्किंग बना रखी थी, जिससे वह हर महीने मोटी रकम अवैध वसूली के तौर पर वसूल रहा था।

आरोपी रिक्की का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या (302), हत्या के प्रयास (307), अवैध हथियार, फिरौती और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे 31 गंभीर मामले दर्ज हैं। गुरुग्राम और रेवाड़ी के विभिन्न थानों में दर्ज ये मुकदमे उसकी शातिर प्रवृत्ति को दर्शाते हैं।
गुरुग्राम पुलिस की मानेसर जोन टीम, थाना सेक्टर-37 प्रभारी निरीक्षक मंजीत, DTP अधिकारी श्री आर.एस. भाट और HSIIDC के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर ने अवैध पार्किंग और टीन शेड को मलबे में तब्दील कर दिया। पूरी कार्यवाही के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रहा।

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ केवल जेल भेजने तक ही कार्यवाही सीमित नहीं रहेगी। अब उनकी आर्थिक कमर तोड़ने के लिए अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर नष्ट किया जा रहा है।










