Gurugram News: नए गुरुग्राम में दो फ्लाईओवर निर्माण को मिलेगी गति, 15 अगस्त तक जारी होंगे टेंडर
गुरुग्राम-पटौदी रोड के निर्माण कार्य पर भी प्रगति जारी है, जिसकी समयसीमा 31 दिसंबर 2025 है और यह निर्धारित समय पर पूरा होने की उम्मीद है।

Gurugram News: प्रधान सलाहकार शहरी विकास डीएस ढेसी की अध्यक्षता में गुरुग्राम जिला में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक बुधवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में आयोजित की गई।
ढेसी ने गुरुग्राम के विकास से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

डीएस ढेसी ने बैठक में एजेंडे के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने सेक्टर 45-46-51-52 के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक और 85-86-89-90 में दादी सती चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर आगामी 15 अगस्त तक टेंडर जारी करने का निर्देश दिया। इन फ्लाईओवर के निर्माण पर क्रमशः 52 करोड़ रुपये और 59 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बाढ़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा करते हुए, उन्होंने ओल्ड दिल्ली रोड से रेजांगला चौक तक लेग वन मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन (2.8 किमी) से जुड़ी 45 करोड़ रुपये की परियोजना में मेट्रो की प्रस्तावित लाइन को देखते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा। वहीं, 25 करोड़ रुपये की लेग-दो अशोक विहार से रेलवे कलवर्ट तक के कार्य का एक महीने के भीतर टेंडर जारी करने के निर्देश दिए गए।

खेड़की दौला टोल प्लाजा को पंचगांव के पास शिफ्ट करने की प्रक्रिया के बारे में एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि एचएसआईआईडीसी से मिली 28 एकड़ जमीन पर टोल प्लाजा के प्रशासनिक भवन का निर्माण शुरू हो चुका है।
गुरुग्राम-पटौदी रोड के निर्माण कार्य पर भी प्रगति जारी है, जिसकी समयसीमा 31 दिसंबर 2025 है और यह निर्धारित समय पर पूरा होने की उम्मीद है। ढेसी ने शहर में सड़कों के उचित रखरखाव और अगली बरसात से पहले पूरा होने वाले कार्यों की पहचान करने के निर्देश भी दिए।
बंधवाड़ी कचरा प्रबंधन केंद्र पर लिगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के निपटारे से जुड़े कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। नगर निगम के कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि केंद्र पर 14 एमटी लिगेसी वेस्ट है, जिसके निपटारे के लिए पांच-पांच एमटी के दो और चार एमटी का एक टेंडर सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया है।
मंजूरी मिलते ही तुरंत टेंडर प्रक्रिया शुरू कर इसका निपटान किया जाएगा। प्रधान सलाहकार शहरी विकास ने बरसात के दौरान हुए जलभराव की समस्या की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक कार्य करने और नरसिंहपुर सर्विस लेन में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए स्थाई ड्रेन के निर्माण का कार्य अगले सीजन से पहले पूरा करने का निर्देश दिया।

शहर में सीएंडडी वेस्ट (निर्माण और विध्वंस अपशिष्ट) के निपटारे के लिए इसे क्रशर जोन में रॉ मैटेरियल के तौर पर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया, जिस पर जिला माइनिंग अधिकारी और क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रिपोर्ट देंगे।










