Farmhouse Demolition : अरावली में 28 एकड़ में बने अवैध फार्महाउस ध्वस्त, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
वन विभाग की टीम अरावली को बचाने के लिए पंजाब भूमि संरक्षण अधिनियम 4 और 5 के तहत कार्रवाई कर रही है । इस नियम के तहत अरावली एरिया में किसी प्रकार निर्माण करना, चारदिवारी बनाना, पेड़ काटना सभी पर प्रतिबंध हैं ।

Farmhouse Demolition : गुरुग्राम में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार जिला प्रशासन कार्रवाई कर रहा है । GMDA, MCG, DTP समेत तमाम विभाग अपने अपने अधिकार क्षेत्र में होने वाले अवैध निर्माणों पर बुलडोज़र कार्रवाई कर रहे हैं । सोमवार को भी सभी विभाग ने गुरुग्राम के अलग अलग इलाकों में कार्रवाई की है । इनमें से सबसे बड़ी कार्रवाई रायसीना इलाके में अरावली हिल्स एरिया में की गई जहां पर बड़ी तादात में बनाए जा रहे अवैध फार्महाउसों को तोड़ दिया गया ।
28 एकड़ में बने अवैध फार्महाउस ध्वस्त !
वन विभाग की टीम अरावली को बचाने के लिए पंजाब भूमि संरक्षण अधिनियम 4 और 5 के तहत कार्रवाई कर रही है । इस नियम के तहत अरावली एरिया में किसी प्रकार निर्माण करना, चारदिवारी बनाना, पेड़ काटना सभी पर प्रतिबंध हैं । इसीलिए सोमवार को गुरुग्राम वन विभाग की टीम ने रायसीना इलाके के करीब 28 एकड़ हिस्से में बनाए जा रहे अवैध फार्महाउसों पर कार्रवाई की ।
जिला वन विभाग अधिकारी राजकुमार यादव ने बताया कि अरावली में अवैध निर्माणों के खिलाफ एक्शन लिया गया है । यहां पर बड़ी संख्या में लोगों ने कानूनों को ताक पर रखकर अवैध फार्महाउस बना लिए हैं जिनको सोमवार को तोड़ा गया है । ये अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है ।
अधिकारी का कहना है कि अरावली क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण करना प्रतिबंधित है । राजकुमार ने बताया कि इस 28 एकड़ में लोगों ने चारदिवारी कर फार्महाउस बना लिए थे जिनको सोमवार को ध्वस्त कर दिया गया है । भविष्य में भी ये कार्रवाई जारी रहेगी । लोगों ने मौज मस्ती और पार्टी के लिए इस एरिया में अवैध फार्महाउस बना लिए हैं । वन विभाग का कहना है कि नियमानुसार आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ।
DTPE और MCG का भी एक्शन
सोमवार को केवल वन विभाग ही नहीं बल्कि डीटीपीई और गुरुग्राम नगर निगम ने भी अवैध निर्माणों और अवैध कब्जों के खिलाफ एक्शन लिया है । डीटीपीई ने फर्रुखनगर एरिया के ताजनगर और सुल्तानपुर इलाके में लगभग साढे 10 एकड़ जमीन पर बनाई जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की तो वहीं गुरुग्राम नगर निगम ने भी गुरुग्राम की सड़कों के किनारे फुटपाथों पर अवैध कब्जे करके लगाए गए खोखे-रेहड़ियों को हटाया ।
ये भी पढें – साढ़े दस एकड़ में फैली 3 कॉलोनियां ध्वस्त, 8 निर्माणाधीन इमारतें, 31 डीपीसी गिराईं









