Delhi Mumbai Expressway : घने कोहरे का क़हर, खड़े ट्रक में घुसी एंडेवर कार, उड़े परखच्चे, दो की मौके पर ही मौत

Delhi Mumbai Expressway पर सोमवार सुबह कोहरे का कहर देखने के मिला । कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है जिसके कारण सड़क हादसों का खतरा बढ गया है । ऐसे ही घने कोहरे की वजह से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर हरियाणा के फरीदाबाद जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 8 बजे दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर सीकरी के पास तेज रफ्तार फोर्ड एंडेवर कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
धुंध में नहीं दिखा खड़ा कंटेनर
बताया जा रहा है कि सुबह के समय घनी धुंध के कारण विजिबिलिटी मात्र 20 मीटर तक सीमित थी। एक्सप्रेसवे से मथुरा रोड की ओर उतरते समय सड़क पर एक बड़ा कंटेनर खड़ा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के चलते कंटेनर को वहीं खड़ा किया गया था।
तेज रफ्तार में आ रही फोर्ड एंडेवर कार धुंध के कारण कंटेनर को समय रहते नहीं देख पाई और पीछे से उसमें जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़ गए परखच्चे
हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह कंटेनर में घुस गया। टक्कर के बाद गाड़ी के एयरबैग खुल गए, लेकिन जान नहीं बच सकी। कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाए
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कार से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल फरीदाबाद भेजा गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतकों में से एक की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो जयपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
धुंध के कारण बढ़ रहे सड़क हादसे
हरियाणा में इन दिनों घनी धुंध के चलते लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि धुंध के दौरान रफ्तार नियंत्रित रखें और विशेष सतर्कता बरतें।
सीकरी चौकी पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और कंटेनर खड़े होने से जुड़ी परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।









