Bulldozer Action : भौंडसी में अवैध कॉलोनी पर डीटीपी का बडा एक्शन, रजिस्ट्री पर रोक लगाने के लिए तहसीलदार को लिखा पत्र

अवैध कॉलोनी में भविष्य में किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए तहसीलदार को सख्त पत्र लिखा गया है।

Bulldozer Action : गुरुग्राम के रियल एस्टेट बाजार में सस्ते प्लॉट का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (DTCP) ने अपनी कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर स्थित गांव भौंडसी में विभाग के बुलडोजर ने अवैध रूप से काटी जा रही एक बड़ी कॉलोनी को तहस-नहस कर दिया।

डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में तोड़फोड़ दस्ता दोपहर को भारी पुलिस बल के साथ गांव भौंडसी पहुंचा। यहां करीब तीन एकड़ जमीन पर भू-माफिया बिना किसी अनुमति के अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। जैसे ही बुलडोजर ने निर्माणों पर प्रहार करना शुरू किया, मौके पर काम कर रहे मजदूरों और छोटे ठेकेदारों में हड़कंप मच गया।

मौके पर 28 मकानों के लिए रखी गई नीवें (DPC) और चारदीवारी को पूरी तरह ढहा दिया गया। एक पक्के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे पुलिस की मौजूदगी में जमींदोज कर दिया गया। प्लॉट बेचने के लिए बनाई गई कच्ची-पक्की सड़कों को बुलडोजर से उखाड़ दिया गया ताकि आगे निर्माण न हो सके।

अमित मधोलिया ने इस कार्रवाई के साथ ही भू-माफियाओं को सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि इस अवैध कॉलोनी में भविष्य में किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए तहसीलदार को सख्त पत्र लिखा गया है। इसके अलावा, जमीन के मालिकों और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ संबंधित थाने में FIR दर्ज करवाई जा रही है।

विभागीय अधिकारियों ने जनता को सावधान करते हुए कहा कि सोहना रोड और भौंडसी के आसपास माफिया कम कीमतों का लालच देकर अवैध जमीन बेच रहे हैं। ऐसी कॉलोनियों में न तो बिजली का वैध कनेक्शन मिलता है और न ही सीवर की सुविधा। अधिकारियों ने साफ कहा कि ऐसी कॉलोनियां कभी भी मलबे में मिलाई जा सकती हैं इसलिए इनमें निवेश करना अपनी मेहनत की कमाई को आग लगाने जैसा है। ( Bulldozer Action)

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button