Big News : CBSE की फर्जी मान्यता दिखाकर छात्राओं के भविष्य से किया खिलवाड़, स्कूल चैयरमैन समेत चार पर मामला दर्ज

पुलिस का कहना है कि किसी भी स्कूल में अपने बच्चे का दाखिला कराने से पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उस स्कूल की संबद्धता (Affiliation) की पुष्टि जरूर करें।

Big News : सेक्टर-9B स्थित एदुक्रैस्ट इंटरनेशनल स्कूल (Educrest International School) में शिक्षा के नाम पर एक बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। स्कूल प्रबंधन पर आरोप है कि उन्होंने सीबीएसई (CBSE) की फर्जी मान्यता दिखाकर न केवल अभिभावकों से लाखों रुपये ऐंठे, बल्कि 10वीं कक्षा के छात्रों का एक कीमती साल भी बर्बाद कर दिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-9A पुलिस ने चेयरमैन और प्रिंसिपल सहित चार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।

धोखाधड़ी का यह मामला तब उजागर हुआ जब 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं नजदीक आईं। एक पीड़ित अभिभावक ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी इस स्कूल में 10वीं की छात्रा है। दाखिले के समय स्कूल ने फर्जी संबद्धता प्रमाण-पत्र और रजिस्ट्रेशन नंबर दिखाकर दावा किया था कि स्कूल सीबीएसई से मान्यता प्राप्त है। अभिभावकों से ट्यूशन फीस, बिल्डिंग फंड और परीक्षा शुल्क के नाम पर मोटी रकम वसूली गई। लेकिन जब बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड बांटने का समय आया, तो स्कूल प्रबंधन छात्रा को एडमिट कार्ड नहीं दे सका। शक होने पर जब जांच की गई, तो पता चला कि स्कूल के पास कोई मान्यता ही नहीं है। स्कूल की लापरवाही के कारण 11 बच्चे दसवीं कक्षा की परीक्षा नहीं दे सके और उनका पूरा साल खराब हो गया।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, इस गंभीर मामले में स्कूल के प्रबंधन और स्टाफ को नामजद किया गया है। आरोपियों  में विनय कटारिया (चेयरमैन),  रिद्धिमा कटारिया (प्रिंसिपल), सिमर बत्रा (वाइस प्रिंसिपल) और सोनिया (स्कूल समन्वयक) शामिल है।  पुलिस ने इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 316(2) (विश्वासघात) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। (Big News)

पुलिस की विशेष टीमें अब स्कूल के वित्तीय लेन-देन और रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्कूल कितने समय से यह फर्जीवाड़ा कर रहा था और कितने अन्य छात्रों का भविष्य इससे प्रभावित हुआ है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी स्कूल के दस्तावेजों की पुष्टि कराई जा रही है।

गुरुग्राम पुलिस ने इस घटना के बाद अभिभावकों के लिए विशेष अपील जारी की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी स्कूल में अपने बच्चे का दाखिला कराने से पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उस स्कूल की संबद्धता (Affiliation) की पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने कड़े लहजे में कहा है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (Big News)

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!