अंकित बालियान हत्याकांड : हरियाणा के दो शूटर यूपी पुलिस के Encounter में ढेर

Encounter : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है । सोमवार सुबह सुबह सोनीपत के रहने वाले दो शूटरों के साथ यूपी पुलिस का एनकाउंटर हो गया जिसमें दोनों शूटरों को ढेर कर दिया गया । एनकाउंटर में यूपी पुलिस के दो जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं ।
शामली के एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से सोनीपत की तरफ भाग रहे थे उस दौरान पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों शूटरों ने पुलिस टीम पऱ फायर करना शुरु कर दिया जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं ।
जब यूपी पुलिस के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की तो दोनों शूटरों को गोली लगी जिसके बाद दोनों घायल शूटरों को अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया । मारे गए दोनों शूटरों की पहचान सोनीपत निवासी सुमित और मोहित के रुप में हुई है ।
एसपी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि एनकाउंटर में दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायर हुए हैं । इस मुठभेड़ के दौरान यूपी पुलिस के दो पुलिसकर्मी प्रदीप और हरविंदर भी घायल हुए है । ये एनकाउंटर औद्योगिक थाना इलाके में हुआ है ।
हरियाणवी सिंगर की बीच बाजार मारी थी गोलियां
यूपी पुलिस के मुताबिक पांच दिन पहले दोनों शूटरों ने अपने साथियों के साथ मिलकर शामली इलाके में जिम से निकलते वक्त हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी । इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य शूटर सत्यम और आर्यन अभी भी फरार हैं ।
परिवार बोला आधा इंसाफ मिला
एनकाउंटर के बाद हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के परिवार का बयान सामने आया है जिसमें अंकित के पिता सत्यवीर ने कहा है कि उन्हें यूपी पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरी उम्मीद है । दो शूटरों के मारे जाने से उनके परिवार को आधा इंसाफ मिल गया है । परिवार का कहना है कि बाकी बचे आरोपी भी जब ढेर होंगे तो उन्हें पूरा इंसाफ मिलेगा ।
