गुरुग्राम के इस चौक पर बनेगा नया Flyover, 38 करोड़ का टेंडर जारी, जाम की होगी छुट्टी

Flyover : गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने गुरुग्राम के व्यस्तम अम्बेडकर चौक पर फ्लाईओवर बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। यह कदम शहर में बढ़ते ट्रैफिक और जाम की समस्या को कम करने के लिए उठाया गया है। यह चौराहा सेक्टर 45, 46, 51 और 52 को जोड़ता है और शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है। परियोजना का उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाना, जाम कम करना और आरडी सिटी रोड तथा सोहना रोड के बीच बिना रुकावट आवाजाही सुनिश्चित करना है।

38 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाइओवर

जीएमडीए द्वारा जारी किए गए टेंडर के मुताबिक इस फ्लाइओवर के निर्माण में लगभग 38 करोड़ रुपए का खर्च आएगा । इस फ्लाइओवर को बनाने में लगभग 18 महीनों का समय लगेगा । मंगलवार को इस नए फ्लाइओवर के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं । उम्मीद है कि अगले महीने से ही इस फ्लाइओवर का निर्माण कार्य शुरु कर दिया जाएगा ।

इस बारे जानकारी देते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा ने बताया कि प्राधिकरण शहर के प्रमुख जाम वाले चौराहों पर चरणबद्ध तरीके से ग्रेड सेपरेटेड सड़कें विकसित कर रहा है, ताकि बढ़ते ट्रैफिक के हिसाब से बेहतर सड़क व्यवस्था तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि अंबेडकर चौक फ्लाईओवर सुरक्षित, तेज और बेहतर सड़क नेटवर्क की दिशा में अहम कदम है। इससे शहर के पूर्व भाग का पश्चिम भाग से संपर्क बेहतर होगा।

चार लेन का होगा फ्लाइओवर

पीसी मीणा ने बताया कि परियोजना के तहत अंबेडकर चौक पर करीब 900 मीटर लंबा चार लेन का दो तरफ़ा फ्लाईओवर बनाया जाएगा । इससे आरडी सिटी रोड और सोहना रोड के बीच यातायात बिना रुकावट चल सकेगा । फ्लाईओवर के दोनों ओर दो-दो लेन की सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी, ताकि स्थानीय यातायात आसानी से चल सके। इसके अलावा फुटपाथ, पैदल यात्रियों की सुविधा, वर्षा जल निकासी व्यवस्था, क्रैश बैरियर, सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य सड़क सुरक्षा कार्य भी किए जाएंगे ।

भविष्य में इसी चौक पर बनेगा अंडरपास

पीसी मीणा ने यह भी बताया कि भविष्य में ट्रैफिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए परियोजना की योजना में अंबेडकर चौक पर अंडरपास का प्रावधान भी किया गया है। इससे जरूरत पड़ने पर बाद में अंडरपास बनाया जा सकेगा और फ्लाईओवर की मौजूदा संरचना में बड़े बदलाव नहीं करने पड़ेंगे। इससे भविष्य की जरूरतों के हिसाब से सड़क ढांचा तैयार करना आसान और किफायती होगा।

फ्लाइओवर से इन इलाकों को होगा फायदा

इस फ्लाईओवर से आरडी सिटी, साउथ सिटी-2, मालिबू टाउन, मेफील्ड गार्डन, निर्वाणा कंट्री, सुशांत लोक-2 और 3, साथ ही सेक्टर 45, 46, 50, 51, 52 और 57 के लोगों को फायदा मिलेगा। सोहना रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड की ओर जाना भी आसान होगा। इससे अंबेडकर चौक पर लगने वाला जाम कम होगा और यातायात अधिक तेज और सुचारु चलेगा।

अंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर बनाने के फैसले का आसपास के सेक्टरों के लोगों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उनका मानना है कि फ्लाईओवर बनने के बाद यात्रा का समय घटेगा और रोजाना इस मार्ग का इस्तेमाल करने वालों को काफी सुविधा मिलेगी।

नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के पार्षद कुलदीप यादव ने कहा कि अंबेडकर चौक फ्लाईओवर इस क्षेत्र के लोगों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों यात्रियों के लिए बहुत अहम परियोजना है। इसके बनने से जाम काफी हद तक कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और आवागमन ज्यादा सुरक्षित व सुविधाजनक बनेगा। यह परियोजना जनता के लिए बहुत लाभकारी होगी और क्षेत्र के विकास को भी गति देगी ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button