Rajasthan को ‘नशेड़ी’ बनाने का प्लान फेल ! गुरुग्राम पुलिस ने सवा करोड़ रुपए के गांजे के साथ दो आरोपी पकड़े

Rajasthan : गुरुग्राम पुुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ा एक्शन लिया है । गुरुग्राम पुलिस की सेक्टर 65 क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक मिनी ट्रक को पकड़ा जिसमें लगभग सवा करोड़ रुपए की लागत का गांजा बरामद किया है । पुलिस ने दो आरोपियो को भी गिरफ्तार किया है । ट्रक से पुलिस के कुल 673 किलोग्राम गांजे के खेप बरामद हुई है जिसकी खपत राजस्थान में की जानी थी । दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दस दिन की रिमांड पर लिया गया है ।
गुप्त सूचना पर पकड़ी गई नशे की खेप
सोमवार को सेक्टर 65 क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी जिस आधार पर राजीव चौक के पास से सेक्टर 65 क्राइम ब्रांच की टीम ने मिनी ट्रक को पकड़ा जिसमें से पुलिस को 673 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ । ये गांजा प्लास्टिक की बोरियों के नीचे छिपाया गया था । पुलिस द्वारा पकड़े गए गांजे की मार्केट में अनुमानित कीमत लगभग सवा करोड़ रुपए है ।
प्लास्टिक दानों की बोरियों के नीचे छिपाया था 673 किलोग्राम गांजा
ट्रक की जांच के दौरान उसमें प्लास्टिक दानों की बोरियों के नीचे नशीला पदार्थ छिपाकर ले जाने का खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक से माल उतरवाया गया। जांच के दौरान गांजे की कुल 23 बोरियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 673 किलोग्राम पाया गया। गाँजा को प्लास्टिक दानों की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाने का उद्देश्य परिवहन के दौरान पुलिस जांच से बचना तथा नशीले पदार्थ को छिपाए रखना था। पुलिस ने बरामद गांजे,और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक सहित ट्रक में भरे अन्य सामान को नियमानुसार कब्जा में लिया।
राजस्थान के रहने वाले दोनों आरोपी
पुलिस टीम द्वारा ट्रक से बरामद किए गए गाँजा सहित ट्रक के चालक व क्लीनर/परिचालक को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान साबिर (उम्र: 34 वर्ष) निवासी गांव उदयपुर, थाना फूलबाग, जिला खैरथल, राजस्थान और सनावर (उम्र: 19 वर्ष) निवासी गांव मिर्जापुर, थाना किशनगढ़, जिला खैरथल, राजस्थान के रुप में हुई है ।
गिरफ्तार किए गए दोनों अरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाने में धारा 20(b)(ii)(C), NDPS एक्ट, 1985 के तहत अभियोग अंकित किया गया तथा उक्त आरोपियों को अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
10 दिन की रिमांड पर दोनों
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें अभियोग से सम्बन्धित तथ्यों की पूछताछ एवं जांच के लिए 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से नशीले पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत, उसकी संभावित डिलीवरी तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ओडिशा से लाए, राजस्थान बनता ‘नशेड़ी’
आरोपियों से प्रारम्भिक पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि बरामद हुआ ट्रक आरोपी साबिर का है और यह स्वयं ही ट्रक का चालक भी है तथा इसने उक्त आरोपी सनावर को 20 हजार रुपए प्रतिमाह के वेतन पर बतौर ट्रक क्लीनर/परिचालक रखा हुआ है। ये दोनों आरोपी उड़ीसा से गाँजा भरकर भिवाड़ी, राजस्थान में सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे।
उड़ीसा से भिवाड़ी में गाँजा सप्लाई करने के लिए इन्हें 2 लाख रुपए इनके अन्य साथी आरोपियों के द्वारा दिए जाने थे। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि ये प्लास्टिक दानों/सामना के बीच गाँजा छुपाकर ले जाने/सप्लाई करने का काम पहले भी 2 बार कर चुके है और अब ये तीसरी बार गाँजा स्पलाई करने जा रहे थे, परन्तु इस बार गुरुग्राम पुलिस ने इन्हें गाँजा सप्लाई करने से पहले ही गाँजा से भरे ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी
गुरुग्राम पुलिस द्वारा मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस बरामद गांजे की आपूर्ति के स्रोत, परिवहन की परिस्थितियों और तस्करी में शामिल संभावित अन्य व्यक्तियों के संबंध में तथ्य/जानकारी एकत्रित करके नियमानुसार आगामी कार्रवाही करने में जुटी है।
गुरुग्राम पुलिस की अपील
गुरुग्राम पुलिस नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील है कि नशा तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
