झपटमारी की सूचना पर जा रही पुलिस ERV पानी के टैंकर से टकराई, दो पुलिसकर्मियों की मौत

ERV : गुरुग्राम के फर्रुखनगर एरिया में एक भीषण और दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें दो पुलिसकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीसरा पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हो गया । घटना फर्रुखनगर खेड़ा खुर्रमपुर रोड़ पर सोमवार देर रात हुई । झपटमारी की सूचना पर जा रही पुलिस ERV आगे सड़क पर चल रहे पानी के टैंकर से जा टकराई ।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 11 बजे गुरुग्राम पुलिस कंट्रोल रुम को फर्रुखनगर एरिया में झपटमारी की सूचना मिली थी जिस सूचना पर ERV-254 मौके पर जा रही थी उसी दौरान फर्रुखनगर खेड़ा खुर्रमपुर रोड़ पर एक पानी का ट्रैक्टर जा रहा था लेकिन अचानक से ट्रैक्टर टैंकर से अलग हो गया और पीछे से आ रही पुलिस ईआरवी पानी के टैंकर से जा टकराई ।
जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस ईआरवी से घायल पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला । लेकिन हादसे में रेवाड़ी निवासी हेड कॉन्सटेबल अनिल और महेन्द्रगढ़ निवासी स्पेशल पुलिस ऑफिसर छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हो गया ।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया गया है । पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है । इस हादसे में पुलिस ईआरवी ड्राइवर सिपाही धर्मेंद्र गंभीर रुप से घायल हो गए जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है । दो पुलिस कर्मियों की मौत हो गई ।