Rewari AIIMS में निकली भर्तियां, 58 साल की उम्र तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन, जानें पूरी डिटेल

Rewari AIIMS : रेवाड़ी जिले के गांव माजरा में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में जल्द ही ओपीडी सेवाएं शुरू होने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं । एम्स प्रशासन की ओर से तकनीकी व अन्य विभागों के लिए अनेक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है। यह पहला अवसर है जब रेवाड़ी एम्स के लिए औपचारिक रूप से भर्तियां निकाली गई हैं।

कई पदों पर निकला भर्ती विज्ञापन

एम्स प्रशासन ने ग्रुप ‘A’ श्रेणी के विभिन्न पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इनमें चिकित्सा अधीक्षक, अधीक्षक अभियंता, कार्यकारी अभियंता (सिविल/विद्युत), वरिष्ठ लेखा अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी जैसे पद शामिल हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है । अधिकारियों के अनुसार यह भर्ती प्रतिनियुक्ति के आधार पर की जा रही है। आने वाले समय में टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल श्रेणी के अन्य पदों पर भी विज्ञापन जारी किए जाएंगे।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रेवाड़ी द्वारा विभिन्न ग्रुप ‘A’ पदों पर भर्ती के लिए रिक्ति सूचना जारी की गई है। यह भर्ती प्रतिनियुक्ति के आधार पर की जाएगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।

इन पदों पर होगी भर्ती

  1. चिकित्सा अधीक्षक – स्तर 14, अधिकतम आयु 58 वर्ष – 1 पद

  2. अधीक्षक अभियंता – स्तर 13, अधिकतम आयु 56 वर्ष – 1 पद

  3. कार्यकारी अभियंता (सिविल) – स्तर 11, अधिकतम आयु 56 वर्ष – 1 पद

  4. कार्यकारी अभियंता (विद्युत) – स्तर 11, अधिकतम आयु 56 वर्ष – 1 पद

  5. वरिष्ठ लेखा अधिकारी – स्तर 11, अधिकतम आयु 56 वर्ष – 1 पद

  6. प्रशासनिक अधिकारी – स्तर 10, अधिकतम आयु 56 वर्ष – 1 पद

सभी पद ग्रुप ‘A’ श्रेणी के हैं।

कुछ पदों को अभी वित्त मंत्रालय की मंजूरी का इंतजार

सूत्रों के अनुसार रेवाड़ी एम्स में टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल पदों को भरने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव की ओर से वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग (Finance Expenditure Department) को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। हालांकि कुछ पदों पर अभी वित्त मंत्रालय की ओर से अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। जल्द क्लीयरेंस मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

केंद्रीय मंत्री ने किया हस्तक्षेप

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से रेवाड़ी एम्स में भर्ती से जुड़ी फाइल की क्लीयरेंस को लेकर बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही वित्त मंत्रालय से भी बात करेंगे ताकि लंबित फाइलों को शीघ्र स्वीकृति मिल सके और टेक्निकल व नॉन-टेक्निकल पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज हो सके।

ओपीडी शुरू करने के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति जरूरी

एम्स में ओपीडी सेवाएं शुरू करने के लिए डॉक्टरों और अन्य मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति आवश्यक है। प्रशासन की ओर से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि जैसे-जैसे पदों पर नियुक्तियां पूरी होंगी, वैसे-वैसे ओपीडी शुरू करने का रास्ता साफ होता जाएगा।

क्षेत्र के लिए बड़ी राहत

रेवाड़ी और आसपास के जिलों के लोगों को लंबे समय से एम्स में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने का इंतजार है। ओपीडी शुरू होने से न केवल स्थानीय मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलेगी बल्कि दिल्ली और जयपुर जैसे बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button