Manesar में अवैध अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम पर पथराव, दो कर्मचारी घायल, गाड़ियों के शीशे फोड़े

Manesar एरिया में सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम पर गुरुवार शाम अतिक्रमणकारियों ने पथराव कर दिया जिसमें नगर निगम की टीम के दो कर्मचारी घायल हुए हैं । अतिक्रमणकारियों ने सरकारी अधिकारियों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की है । पथराव का आरोप सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी पटरी वालों पर है ।
जानकारी के अनुसार ये घटना गुरुवार शाम 5 बजे के बाद मानेसर एरिया के अलियर-बासकुशला में शंकर की ढाणी के पास हुई है । मानेसर नगर निगम की एन्फोर्समेंट टीम मेन रोड़ पर रेहड़ी पटरी वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए गई थी ।
नगर निगम के कर्मचारी घायल
मानेसर नगर निगम की टीम सड़क पर रेहड़ी पटरी वालों द्वारा किए गए कब्जे को हटाने के लिए शंकर की ढाणी के पास गई थी । इस दौरान लगभग 80 फीसदी तक अतिक्रमण हटा लिया गया था लेकिन जब बची हुई कुछ रेहड़ियों को हटाने का काम किया जा रहा था तो अचानक रेहड़ी पटरी वालों ने नगर निगम की टीम पर पथराव करना शुरु कर दिया ।
अचानक हुए हमले से नगर निगम की टीम को बचने का मौका भी नहीं मिला और पथराव में नगर निगम की टीम के दो कर्मचारी पत्थर लगने से घायल हो गए । इस हमले में सरकारी अधिकारियों की गाड़ियों के शीशे भी फोड़ दिए गए । जैसे तैसे नगर निगम की टीम अपनी जान बचाकर मौके से भागे ।
पुलिस में शिकायत दी
मानेसर नगर निगम के एसडीओ विकास शर्मा के नेतृत्व में जूनियर इंजीनियर देवेन्द्र और मंदीप की पूरी टीम इस अतिक्रमण हटाओ अभियान में शामिल थी । घटना के बाद नगर निगम के अधिकारी सीधे आईएमटी मानेसर थाने पहुंची जहां पर पथराव करने वालो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई ।
