Lift Loot Case : लिफ्ट लेकर लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, तीन ट्रांसजेंडर गिरफ्तार
गाड़ी रुकने पर वे अंदर बैठकर चालक को बातों में उलझाते या अश्लील हरकतें करते थे। इसी दौरान वे गले से चेन या अन्य सामान चोरी कर लेते थे। चोरी किया गया सामान गिरोह की मुखिया 'गुरु' शोभा सरदारवर्ती को सौंप दिया जाता था।

Lift Loot Case : अगर आप भी सड़क पर किसी महिला को अकेली देखकर मदद के लिए गाड़ी रोकते हैं, तो सावधान हो जाइए। गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को दबोचा है जो लिफ्ट लेने के बहाने गाड़ियों में बैठता था और फिर अपनी बातों और हरकतों में उलझाकर कीमती जेवर पार कर देता था। पुलिस ने इस मामले में 3 ट्रांसजेंडर और एक कार चालक सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वारदात की शुरुआत दिसंबर 2025 में हुई थी, जब एक युवक जिम से घर लौट रहा था। द्वारका एक्सप्रेस-वे पर गढ़ी हरसरू चौक के पास एक महिला (जो असल में ट्रांसजेंडर थी) ने लिफ्ट मांगी। गाड़ी में बैठने के बाद उसने चालक को अपनी ओर खींचने का नाटक किया और इसी छीना-झपटी के बीच बड़ी सफाई से उसके गले से सोने की चेन उड़ा ली। युवक को चोरी का पता तब चला जब वह घर पहुँचकर नहाने गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से काम करता था। आरोपी कयामुद्दीन उर्फ जमाल अपनी कार में तीनों ट्रांसजेंडर आरोपियों मोहम्मद शाकिब उर्फ हीर, प्रियंका और शोभा सरदारवर्ती (गुरु) को दिल्ली से गुरुग्राम लेकर आता था शाकिब और प्रियंका सड़कों पर खड़े होकर लिफ्ट मांगते थे।
गाड़ी रुकने पर वे अंदर बैठकर चालक को बातों में उलझाते या अश्लील हरकतें करते थे। इसी दौरान वे गले से चेन या अन्य सामान चोरी कर लेते थे। चोरी किया गया सामान गिरोह की मुखिया ‘गुरु’ शोभा सरदारवर्ती को सौंप दिया जाता था।

अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 01 कार, चोरी की गई 01 सोने की चेन, 2900 रुपये की नगदी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गुरुग्राम में लूट की एक अन्य वारदात को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।










