Lady Tailor Murder : काम को लेकर महिला ने मारा थप्पड़ तो कैंची मारकर उतार दिया मौत के घाट, हत्यारा असलम मियां गिरफ्तार

Lady Tailor Murder : गुरुग्राम के सेक्टर 37 इलाके में गाड़ियों के सीट कवर बनाने वाली कंपनी के अंदर हत्या की एक सनसनीखेज़ वारदात सामने आई है जहां पर सीट कटिंग को लेकर हुए मामूली विवाद के चलते एक टेलर ने अपनी सहकर्मी महिला टेलर की कैंची मारकर हत्या कर दी । पुलिस ने आरोपी टेलर को गिरफ्तार कर लिया है । हत्या के बाद कंपनी में हड़कंप मच गया ।

5 सिंतबर को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि NDR Auto Components Pvt. Ltd., प्लॉट नंबर-8, सेक्टर-37, गुरुग्राम में एक महिला के साथ झगड़े के दौरान चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम वैदिक अस्पताल, पटौदी रोड, कादीपुर, गुरुग्राम पहुंची, जहां मृतिका शिवानी के संबंध में आवश्यक चिकित्सा दस्तावेज प्राप्त किए गए। मृतिका के शव को नियमानुसार मोर्चरी, गुरुग्राम भिजवाया गया ।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा सीन ऑफ क्राइम टीम एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों द्वारा घटनास्थल से वारदात से संबंधित आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा खून लगे कपड़े एवं अन्य आवश्यक साक्ष्य नियमानुसार कब्जा पुलिस में लिए गए।

रविवार को मृतका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 25 वर्षीय बेटी शिवानी दिनांक 13.07.2026 से NDR Auto Components Pvt. Ltd., प्लॉट नंबर-8, सेक्टर-37, गुरुग्राम में कार्य कर रही थी। दिनांक 05.09.2026 को कंपनी में कर्मचारी असलम मियां के साथ हुए झगड़े के दौरान उनकी बेटी को चोट लगी, जिसके कारण उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-37, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।

पुलिस थाना सेक्टर-37, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी असलम मियां, उम्र 35 वर्ष, निवासी सिंधिया सागर, थाना चौलाहा बंजरिया, जिला मोतिहारी, पूर्वी चंपारण, बिहार को दिनांक 06.09.2026 को सेक्टर-37, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।

थप्पड़ का बदला कैंची मारकर लिया

पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी असलम मियां एवं मृतका शिवानी दोनों सेक्टर-37, गुरुग्राम स्थित निजी कंपनी में कार्य करते थे। दिनांक 05.09.2026 को शीट कवर कटिंग के कार्य को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान मृतिका द्वारा आरोपी को थप्पड़ मार दिया गया, जिससे आरोपी ने गुस्से में आकर कैंची से मृतिका शिवानी के गले पर वार कर दिया। चोट लगने के कारण उपचार के दौरान लड़की की मृत्यु हो गई।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई 01 कैंची बरामद की गई है। आरोपी को अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤