Good News : जलभराव से भरी सड़क की चोक नाली साफ कर पुलिसकर्मी ने जीता दिल, पानी में डूबी सड़क पर उतरा खाकी का फर्ज
गुरुग्राम में बारिश से जलमग्न हुई सड़कों के बीच मानेसर में ट्रैफिक जवान ने पेश की मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल; मिट्टी से बंद नाली साफ कर दिलाई जाम से राहत

Good News/गुरुग्राम
गुरुग्राम में शनिवार को हुई झमाझम बारिश के बाद जहां शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात थम सा गया, वहीं मानेसर से खाकी के सेवाभाव और इंसानियत की एक बेहद दिल छू लेने वाली तस्वीर (Good News) सामने आई है। सड़कों पर भरे घुटने तक पानी के बीच एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने खुद आगे बढ़कर चोक हो चुकी नाली से नंगे हाथों से मिट्टी निकाली और जल निकासी का रास्ता साफ किया। पुलिसकर्मी की इस कर्तव्यनिष्ठा का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और हर कोई उनकी सराहना कर रहा है।
36 मिमी बारिश से थमी शहर की रफ्तार
शनिवार सुबह शहर में हुई करीब 36 मिमी बारिश के कारण साइबर सिटी के कई प्रमुख मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए। दिल्ली-जयपुर हाईवे समेत शहर की सड़कों पर इतना पानी भर गया कि सड़क और गड्ढों का अंतर खत्म हो गया। जलभराव के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और रफ्तार पर ब्रेक लग गया।
मानेसर में जब मसीहा बने पुलिसकर्मी
सबसे चुनौतीपूर्ण स्थिति मानेसर में फौजी ढाबे के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे पर देखने को मिली, जहां लगभग सौ मीटर के हिस्से में भारी जलभराव हो गया था। पानी की निकासी के लिए बने होल (नाली के छेद) मिट्टी और कचरे से पूरी तरह बंद हो चुके थे। जलनिकासी न होने के कारण गाड़ियां पानी के बीच ही बंद होने लगीं।
खुद संभाला मोर्चा, हटाई नाली की मिट्टी
ऐसे कठिन हालात में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने केवल यातायात नियंत्रित करने तक खुद को सीमित नहीं रखा। एक जवान ने बिना अपनी वर्दी की परवाह किए पानी में उतरकर बंद पड़े होल से अपने हाथों से जमा हुई मिट्टी हटाई। जैसे ही बंद नाली खुली, सड़क पर जमा पानी तेजी से बहने लगा और धीरे-धीरे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सकी।
सोशल मीडिया पर मिल रही दाद राहगीरों द्वारा बनाए गए इस भावुक कर देने वाले वीडियो के वायरल होने के बाद लोग पुलिसकर्मी की खूब तारीफ कर रहे हैं। जहां एक ओर नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस के इस जवान ने अपनी मुस्तैदी और जनसेवा से लोगों का दिल जीत लिया।
