Gangster Arrested : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के ‘विदेशी’ गैंगस्टर को हरियाणा STF ने दिल्ली एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

Gangster Arrested : हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर वैनकेट गर्ग को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है । गैंगस्टर वैनकेट गर्ग को जॉर्जिया से भारत डिपोर्ट कराया गया है । ये पहली बार है जब किसी आरोपी को जॉर्जिया से भारत डिपोर्ट कराया गया हो । हरियाणा STF ने गैंगस्टर वैनकेट गर्ग को जॉर्जिया से प्रत्यपर्ण के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है ।
एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों और भारत सरकार के मंत्रालयों के साथ मिलकर लगभग 12 महीने की मशक्कत के बाद गुरुवार को भारत लाया गया ।
कराई थी बसपा नेता की हत्या
गिरफ्तार किया गया गैंगस्टर वैनकेट गर्ग मूल रुप से नारायणगढ़, अंबाला का रहने वाला है । ये गैंगस्टर पिछले काफी समय से हरियाणा और चंडीगढ़ में सक्रिय है और विदेश में बैठकर अपनी गैंग ऑपरेट कर रहा था । गैंगस्टर वैनकेट गर्ग उत्तर हरियाणा में सक्रिय करीब 53 सदस्यों वाले वैनकेट गर्ग गैंग का मुख्य सरगना है ।
यह सिंडिकेट अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और चंडीगढ़ में सक्रिय रूप से रंगदारी, टारगेट किलिंग, हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों की तस्करी जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देता आ रहा था । इस गैंग द्वारा किए गए सबसे सनसनीखेज अपराधों में जिला अंबाला के नारायणगढ़ में बहुचर्चित बसपा नेता हरबिलास की बेरहमी से की गई हत्या शामिल है। इसके अलावा, अंबाला और यमुनानगर जिलों में व्यापारियों तथा उद्योगपतियों को डराने के लिए रंगदारी से संबंधित ताबड़तोड़ फायरिंग की कई वारदातों के पीछे भी इसी गैंग का सीधा हाथ रहा है।
विदेश में बैठकर चला रहा था गैंग
STF चीफ सतीश बालन ने बताया कि वैनकेट गर्ग एक शातिर और उद्घोषित अपराधी है, जिसके खिलाफ हरियाणा और चंडीगढ़ के विभिन्न थानों में कुल 34 आपराधिक मामले दर्ज हैं । देश छोड़ने से पहले तक उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के 23 गंभीर मामले दर्ज थे। जब उस पर कानूनी शिकंजा कसने लगा, तो वह देश से फरार हो गया,लेकिन विदेश में सुरक्षित शरण लेने के बाद भी उसने अपने नेटवर्क को कमजोर नहीं होने दिया।
गैंगस्टर ने ऐप का इस्तेमाल कर इंटरनेट कॉलिंग और अपने स्थानीय गुर्गों के माध्यम से रंगदारी और डराने-धमकाने का खेल जारी रखा। इसके परिणामस्वरूप उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 11 अतिरिक्त आपराधिक मामले और दर्ज किए गए।
गुरुग्राम के फर्जी पते पर बनवाया था पासपोर्ट
STF हरियाणा जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर ने विदेश भागने के लिए फर्जी पासपोर्ट बनवाया था । जांच में ये भी सामने आया है कि गैंगस्टर वैनकेट गर्ग ने गुरुग्राम के पते पर अपना फर्जी पासपोर्ट बनवाया था । वैनकेट गर्ग ने एक सोची-समझी साजिश के तहत अपार्टमेंट नंबर 1502, टॉवर नंबर 5, पिरामिड अर्बन होम्स सेक्टर-67, गुरुग्राम (हरियाणा) का एक झूठा एड्रेस दर्शाया था । इस फर्जी पते का इस्तेमाल कर उसने जालसाजी से नया पासपोर्ट हासिल कर लिया ।
चार फरवरी 2025 को उसका यह पासपोर्ट पूरी तरह से निरस्त कर दिया गया था। उसके बाद एसटीएफ ने गैंगस्टर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस और लुक आउट सर्कुलर नोटिस भी जारी करवाया था।
लॉरेस गैग के साथ जुड कर रहा था काम
एसटीएफ आईजी सतीश बालन ने बताया कि गैंगस्टर वैनकेट गर्ग साल 2017 से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ मिलकर अपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। इसके अलावा गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के साथ मिलकर भी काम कर रहा था। इसके अलावा लॉरेंस गैंग का सक्रिय गैंगस्टर रोहित गोदारा के भी संपर्क में था।
हरियाणा एसटीएफ के आईजी सतीश बालन ने बताया कि गैंगस्टर वैनकेट गर्ग के खिलाफ हरयिाणा में अब तक 34 मामले दर्ज हैं । गैंगस्टर को अंबाला की कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इससे आगे की पूछताछ की जा सके । सतीश बालन ने बताया कि साल 2026 में अब तक 10 कुख्यात गैंगस्टर्स को भारत लाया जा चुका है ।