Gurugram News : अवैध पटाखे बेचने वालों पर बड़ा एक्शन, एक दिन में 36 FIR दर्ज, 23 लोग गिरफ्तार

Gurugram News : दीपावली के अवसर पर अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण एवं वितरण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरुग्राम पुलिस ने थाना स्तर, सहायक पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उपायुक्त स्तर पर 53 विशेष टीमों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त अपराध शाखाओं की विशेष टीमें भी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में चेकिंग कर रही हैं।
गठित पुलिस टीमें बाजारों, पटाखों की दुकानों, गोदामों तथा अन्य संभावित स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग कर रही हैं। इस दौरान अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण एवं वितरण से संबंधित गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत लगातार कार्यवाही की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप गुरुग्राम पुलिस द्वारा एक दिन में दिनांक 05.11.2026 को कुल 36 अभियोग अंकित किए गए तथा इन अभियोगों में अब तक कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार/शामिल अनुसंधान किया गया।
इस दौरान गुरुग्राम पुलिस के पूर्व जोन में 10 अभियोग अंकित करके 09 आरोपियों को, दक्षिण जोन में 05 अभियोग अंकित करके 02 आरोपियों को, पश्चिम जोन में 09 अभियोग अंकित करके 09 आरोपियों को तथा मानेसर जोन में 12 अभियोग अंकित कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार/शामिल अनुसंधान किया गया है।
पुलिस टीमों द्वारा उक्त अभियोगों में बिना लाइसेंस एवं परमिट अवैध बिक्री के लिए रखे गए फ्लावर पॉट, स्पार्कलर्स, कलर पटाखे, चक्कर, रॉकेट, बिजली क्रैकर्स एवं सुतली बम सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए।
गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि अवैध पटाखों की खरीद-बिक्री एवं भंडारण से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि कानून के अनुसार कार्यवाही की जा सके।
