BIg Action : मानेसर में प्रॉपर्टी टैक्स न भरने पर कमर्शियल बिल्डिंग सील

अधिकारियों ने साफ किया है कि अब नगर निगम का पूरा टैक्स जमा होने के बाद ही इस सील को खोला जाएगा।

BIg Action :  नगर निगम मानेसर (MCM) ने प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के खिलाफ अपना कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। निगम की टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 3 करोड़ 25 लाख रुपये के प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टर की कमर्शियल संपत्ति को मौके पर ही सील कर दिया। यह कार्रवाई आईएमटी (IMT) सेक्टर-2 स्थित उप्पल हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड के ‘एल टावर’ (L Tower) पर की गई है।

नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह के निर्देशानुसार टैक्स सहायक उदय सिंह जून की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और इमारत को पूरी तरह सील कर दिया। निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित संपत्ति मालिक को बकाया टैक्स जमा कराने के लिए कई बार आधिकारिक नोटिस भेजे गए थे, लेकिन बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद प्राॅपर्टी धारक ने टैक्स की राशि जमा नहीं की।

इसके बाद नगर निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इस कमर्शियल टावर को सील करने का कदम उठाया। अधिकारियों ने साफ किया है कि अब नगर निगम का पूरा टैक्स जमा होने के बाद ही इस सील को खोला जाएगा।

नगर निगम ने इस कार्रवाई के माध्यम से क्षेत्र के अन्य बड़े डिफाल्टरों को भी कड़ा संदेश दिया है। निगम अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से वित्त वर्ष 2024-25 तक के प्रॉपर्टी टैक्स के ब्याज में पूरी छूट दी गई है। उन्होंने निगम क्षेत्र के सभी प्रकार के संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे इस विशेष ब्याज माफी योजना का लाभ उठाएं

30 जून तक अपने लंबित प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान अवश्य कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सीलिंग और कुर्की जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। (BIg Action)

 

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button