Gurugram News : फ्लैट देने के नाम पर 242 लोगों से 100 करोड़ रुपए ठगने वाला ‘महाठग’ गिरफ्तार

Gurugram News : गुरुग्राम में फ्लैट देने का झांसा देकर 242 लोगों से लगभग 100 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले एक मुख्य आरोपी को गुरुग्राम पुलिस की टीम ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है । गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-I (Economic Offences Wing-I) ने फ्लैट दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट से उस समय दबोच लिया, जब वह कथित तौर पर इंडोनेशिया भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुभव (33 वर्ष), निवासी मोहन गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था ।
‘सुनहरा अपना घर सोसायटी’ के नाम पर लोगों से की गई ठगी
जांच में सामने आया है कि सेक्टर-55 स्थित “सुनहरा अपना घर सोसायटी” में फ्लैट आवंटन का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये वसूले गए। आरोपियों ने फ्लैट देने और निवेश की गई राशि लौटाने का वादा किया, लेकिन न तो फ्लैट दिए गए और न ही लोगों के पैसे वापस किए गए। पुलिस के मुताबिक, सोसायटी में केवल 94 फ्लैट्स की उपलब्धता थी, जबकि 242 लोगों से पैसे लेकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई।
महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
मामले की शुरुआत 3 अप्रैल 2017 को हुई, जब एक महिला शिकायतकर्ता ने पुलिस थाना सेक्टर-56, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2006-07 में ईशपाल भारद्वाज ने उसे सुनहरा अपना घर सोसायटी में फ्लैट दिलाने का भरोसा दिया और वर्ष 2008 से 2013 के बीच अलग-अलग किस्तों में करीब 37.50 लाख रुपये जमा करवा लिए।
महिला का आरोप है कि वर्ष 2013 में परियोजना का निर्माण कार्य बंद कर दिया गया और कई साल बीत जाने के बावजूद न तो फ्लैट का कब्जा मिला और न ही जमा राशि लौटाई गई।
लगभग 100 करोड़ रुपए की हुई ठगी
गुरुग्राम पुलिस के पास केवल एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई जिनके साथ लगभग 37.50 लाख रुपए की ठगी की गई । पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ऐसे लगभग 242 लोगों से लाखों रुपए लिए जिनके आधार पर पुलिस मान कर चल रही है कि ये मामला लगभग 100 करोड़ रुपए की ठगी का हो सकता है ।
फर्जी बैंक खाता और फर्जी MOU के जरिए की गई धोखाधड़ी
आर्थिक अपराध शाखा की जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी अनुभव, मुख्य आरोपी ईशपाल भारद्वाज का पुत्र है। उसने अपने पिता और अन्य साथियों के साथ मिलकर सोसायटी के नाम पर लोगों से धनराशि एकत्रित की । पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी सोसायटी का अधिकृत प्रतिनिधि नहीं था, इसके बावजूद उसने सोसायटी को बेचने के नाम पर दूसरी कंपनी के साथ कथित तौर पर फर्जी MOU (समझौता ज्ञापन) तैयार किया और लाखों रुपये की ठगी की । इसके अलावा, सोसायटी के नाम पर फर्जी बैंक खाता खुलवाकर फ्लैट आवंटन के नाम पर प्राप्त करोड़ों रुपये उसमें जमा करवाए गए, जिन्हें बाद में आरोपियों ने गबन कर लिया।
अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस के एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि इस मामले में अब तक अनुभव, ईशपाल भारद्वाज, अमित कुमार, प्रदीप कुमार, संदीप और जगबीर सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को 9 जून 2026 को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। आर्थिक अपराध शाखा की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और ठगी गई धनराशि की बरामदगी, अन्य संलिप्त लोगों की पहचान तथा मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच जारी है।