Gurugram Firing Case : गोल्फ कोर्स रोड पर फायरिंग, Haryana STF ने गैंगस्टर दीपक नांदल के 3 शूटरों को दबोचा

Gurugram Firing Case : गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित एक कारोबारी के कार्यालय पर हुई फायरिंग मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) गुरुग्राम यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हमला कथित रूप से गैंगस्टर दीपक नांदल के निर्देश पर किया गया था। घटना की जिम्मेदारी बाद में गैंगस्टर ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी।
DLF फेज-1 थाने में दर्ज हुआ केस
पिछले सप्ताह फायरिंग की घटना के बाद पुलिस थाना DLF फेज-1, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया था । पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत विश्लेषण किया और मानव खुफिया इनपुट (Human Intelligence) के आधार पर शूटर की पहचान की । जांच में सामने आया कि गोली चलाने वाला आरोपी देवेंद्र, निवासी असोदा, झज्जर है।
STF की कार्रवाई: तीन आरोपी गिरफ्तार
बीते दिन STF यूनिट गुरुग्राम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान देवेंद्र (41 वर्ष) – निवासी असोदा, झज्जर, नवीन (30 वर्ष) – निवासी परनाला, झज्जर, संदीप (44 वर्ष) – निवासी सिलाना, सोनीपत के रुप में हुई है । आरोपियों से STF की टीम ने 2 ऑटोमैटिक पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस और एक गाड़ी बरामद की है ।
कारोबारी पर हमले की थी साजिश
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गैंगस्टर दीपक नांदल के निर्देश पर गुरुग्राम के एक व्यवसायी पर हमला करने की योजना बना रहे थे। संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस थाना DLF फेज-1 में एक और आपराधिक मामला दर्ज किया गया है । मामले की जांच STF गुरुग्राम द्वारा की जा रही है। गोल्फ कोर्स रोड फायरिंग केस से जुड़े अहम इनपुट गुरुग्राम पुलिस के साथ साझा किए गए हैं।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से दो का आपराधिक इतिहास रहा है:
देवेंद्र के खिलाफ चोरी से जुड़े 3 मामले दर्ज हैं।
संदीप के खिलाफ लगभग 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
संदीप को वर्ष 2008 के मंडोठी मर्डर केस में दोषी भी ठहराया जा चुका है।
Organized Crime पर STF की सख्त कार्रवाई
STF के डीएसपी प्रीतपाल सिंह का कहना है कि गुरुग्राम में संगठित अपराध पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है । गैंगस्टर नेटवर्क और उनके सहयोगियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।









