Gurugram Cyber Fraud: एक्सिस और RBL बैंक के कर्मचारी गिरफ्तार, डेटा लीक कर की लाखों की ठगी
मोहम्मद अली दिल्ली स्थित RBL बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात था, जबकि मोहम्मद आसिफ गुरुग्राम में एक्सिस बैंक का कर्मचारी रह चुका

Gurugram Cyber Fraud : गुरुग्राम की साइबर अपराध थाना (मानेसर) पुलिस ने बैंकिंग सेक्टर में काम करने वाले उन चेहरों को बेनकाब किया है, जो रक्षक बनकर ही भक्षक बन रहे थे। पुलिस ने एक्सिस बैंक और आरबीएल (RBL) बैंक के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जो ग्राहकों का संवेदनशील डेटा चोरी कर उनके नाम पर फर्जी तरीके से ‘प्री-अप्रूव्ड’ लोन निकाल लेते थे।
इस पूरे खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब 11 दिसंबर 2025 को एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के एक्सिस बैंक खाते से 12,585 रुपये अचानक कट गए। बैंक में जांच करने पर पता चला कि किसी ने उसका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदलकर उसके नाम पर 4.74 लाख रुपये का लोन ले लिया है और यह राशि उसी लोन की पहली ईएमआई के रूप में कटी थी।
डिप्टी मैनेजर निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली और मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। मोहम्मद अली दिल्ली स्थित RBL बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात था, जबकि मोहम्मद आसिफ गुरुग्राम में एक्सिस बैंक का कर्मचारी रह चुका है।
मुख्य आरोपी मोहम्मद अली ने आसिफ को उन बैंक खातों की जानकारी निकालने का काम सौंपा था, जिनमें ‘प्री-अप्रूव्ड’ लोन के ऑफर उपलब्ध थे। आसिफ ने बैंकिंग सिस्टम को एक्सेस कर संवेदनशील ग्राहकों का डेटा अली को दिया। अली ने यह डेटा अपने अन्य साथियों (मोहम्मद हसीम आदि) को उपलब्ध कराया, जिन्होंने सिम कार्ड बदलकर इंटरनेट बैंकिंग के जरिए लोन की राशि डकार ली।
साइबर अपराध थाना मानेसर की टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अली को 23 अप्रैल और मोहम्मद आसिफ को 25 अप्रैल को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में अब तक कुल 04 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य वारदातों और बैंक कर्मियों की संलिप्तता का पता लगाया जा सके। (Gurugram Cyber Fraud )