गलत अनुमान के साथ तैयार हुआ गुरुग्राम और मानेसर निगम का बजट, सरकार ने आपत्ति लगा वापस भेजा
वित्त वर्ष 2025-26 में निगम ने संपत्तिकर में 300 करोड़ रुपये की आय करने का लक्ष्य रखा है। शहरी स्थानीयनिकाय विभाग ने इसका भी स्पष्टीकरण मांगा है कि इस साल 300 करोड़ का लक्ष्य कैसे पूरा किया जाएगा। इसका जवाब संपत्तिकर विंग द्वारा दिया जाना है।

Gurugram News Network – नगर निगम गुरुग्राम और मानेसर का बजट तैयार करने में निगम अधिकारी सही अनुमान नहीं लगा सके। निगम अधिकारियों की इसी लापरवाही के कारण सदन की बैठक में पासकर सरकार को भेजा गए बजट में काफी खामियां मिली। इसी कारण शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट पर आपत्ति लगा दी है। विभाग ने आपत्ति लगाकर दोनों ही निगमों के बजट को वापस भेज दिया है।
निगम अधिकारियों की इसी लापरवाही के कारण अभी तक बजट पास नहीं हुआ है। बजट नहीं होने के कारण विकास कार्यो पर अभी तक काम शुरू नहीं हो सका। ऐसे आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। बता दे कि दोनों ही निगम के अधिकारियों द्वारा गलत अनुमान बजट में पेश करने पर यह आपत्ति लगाई है।

मुख्यालय ने दोनों ही निगम के अधिकारियों से इस पर जवाब मांगा है। लेखाकार विंग ने अब जिस विंग के अधिकारियों ने बजट में अपना-अपना अनुमान दिया था, उनसे जवाब मांगा है। इसके बाद बजट में दोबारा से सुधार करके अधिकारियों के जवाब सहित बजट मुख्यालय को भेजना होगा। बजट की अनुमति नहीं मिलने के कारण निगम के करोड़ों के बिलों का भुगतान रूक गया है। वहीं अगर दस मई तक भी बजट पास नहीं होता है तो इस बार निगम अधिकारियों को वेतन के भी नहीं मिलेगा।
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा भेजे गए बजट में शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने आपत्ति जताई है कि नगर निगम गुरुग्राम ने वित्त वर्ष 2023-24 में संपत्तिकर से 250.22 करोड़ रुपये वसूल किए थे। वहीं निगम ने 2024-25 में संपत्तिकर एकत्रित करने का 300 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा था। जिसमें से निगम ने इस वित्त वर्ष में 232.93 करोड ही वसूल किए हैं।

निगम ने वित्त वर्ष 2023-24 के मुकाबले वित्त वर्ष 2024-25 में निगम द्वारा 17.29 करोड़ रुपये कम वसूल किए हैं। निगम ने 6.91 फीसदी संपत्तिकर कम वसूल किया है। इतना कम संपत्तिकर वसूल क्यों किया गया है, इसका जवाब निगम अधिकारियों से मांगा है।
वित्त वर्ष 2025-26 में निगम ने संपत्तिकर में 300 करोड़ रुपये की आय करने का लक्ष्य रखा है। शहरी स्थानीयनिकाय विभाग ने इसका भी स्पष्टीकरण मांगा है कि इस साल 300 करोड़ का लक्ष्य कैसे पूरा किया जाएगा। इसका जवाब संपत्तिकर विंग द्वारा दिया जाना है।

मानेसर निगम ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 70 करोड़ के बजट अनुमान के मुकाबले वास्तविक संपत्ति कर वसूली केवल 26.24 करोड़ रही है। इसकी तुलना में वित्त वर्ष 2023-24 में वास्तविक वसूली 26.07 करोड़ रही, जो साल दर साल लगभग 0.65 फीसदी की मामूली वृद्धि दर्शाती है। इस कारण पांच साल में जो बढोत्तरी संपत्तिकर में होनी चाहिए थी, वह नहीं की गई है। इसके लिए रोड़ कट की फीस दो करोड़ से घटकर 20 लाख पर पहुंच गई है। इसको लेकर मानेसर निगम से जवाब मांगा गया है।










