Gurugram में पानी पीना हुआ महंगा: पानी की दरों में 5% की बढ़ोतरी हुई, अवैध कनेक्शन बताने वाले प्लंबरों को मिलेगा इनाम

अधिकृत प्लंबरों को कनेक्शन या डिस्कनेक्शन शुल्क का 50 प्रतिशत (अधिकतम ₹1000) प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जाएगा।

Gurugram : नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने शहर में जल आपूर्ति सेवाओं के लिए संशोधित शुल्क दरों को प्रभावी रूप से लागू कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत वर्ष 2024 से 2027 तक प्रत्येक वित्तीय वर्ष में पानी के बिलों में 5 प्रतिशत की स्वतः वृद्धि की जाएगी। यह नई दरें 1 अप्रैल से रिहायशी, औद्योगिक, वाणिज्यिक और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों पर लागू हो गई हैं।

नगर निगम के अनुसार, जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्लैब सिस्टम लागू किया गया है। वर्ष 2026 में पहले 10 किलोलीटर तक ₹3.04 प्रति किलोलीटर, जबकि 30 किलोलीटर से अधिक उपयोग पर ₹12.16 की दर से भुगतान करना होगा। वर्ष 2027 में यह दरें बढ़कर अधिकतम ₹12.76 तक पहुंच जाएंगी।

वाणिज्यिक और औद्योगिक श्रेणियों के लिए वर्ष 2026 में दर ₹18.23 निर्धारित की गई है, जो अगले साल ₹19.14 हो जाएगी। पानी का कनेक्शन कटने या दोबारा जुड़वाने (Re-connection) के लिए ₹1000 का शुल्क देना होगा। वहीं, बिल देरी से भरने पर 10 प्रतिशत लेट पेमेंट चार्ज वसूला जाएगा।

नगर निगम ने सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकृत प्लंबरों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की है। आईटीआई डिप्लोमा धारक या 5 वर्ष का अनुभव रखने वाले प्लंबर कार्यकारी अभियंता (मुख्यालय) कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।

अधिकृत प्लंबरों को कनेक्शन या डिस्कनेक्शन शुल्क का 50 प्रतिशत (अधिकतम ₹1000) प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जाएगा।  यदि कोई अधिकृत प्लंबर शहर में चल रहे अवैध जल कनेक्शन की सूचना निगम को देता है, तो सत्यापन के बाद उसे प्रति कनेक्शन ₹1000 का इनाम दिया जाएगा। निगम का लक्ष्य अवैध कनेक्शनों को खत्म कर राजस्व में वृद्धि करना है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button