Sunltanpur National park के पास नियमों को ताक पर रखकर बनीं 184 अवैध इमारतें, क्या ढहाए जाएंगे ये फार्म हाउस, जानें पूरी रिपोर्ट
पर्यावरणविदों का कहना है कि बढ़ते निर्माण और मानवीय दखल के कारण प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक आवास (Habitat) नष्ट हो रहे हैं।

Sultanpur National park : पक्षी प्रेमियों के स्वर्ग कहे जाने वाले Sunltanpur National park की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। पार्क के चारों ओर घोषित ‘इको-सेंसिटिव जोन’ (Eco-Sensitive Zone) में अवैध निर्माणों की संख्या तेजी से बढ़कर 184 तक पहुंच गई है। सुप्रीम कोर्ट और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के कड़े आदेशों के बावजूद भू-माफिया इस प्रतिबंधित क्षेत्र में धड़ल्ले से फार्म हाउस, गोदाम और व्यावसायिक इमारतें खड़ी कर रहे हैं।
नियमों के अनुसार, सुल्तानपुर नेशनल पार्क की सीमा से पांच किलोमीटर के दायरे को इको-सेंसिटिव जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नए निर्माण के लिए वन्यजीव विभाग और केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की अनुमति अनिवार्य है। हालांकि, हालिया सर्वे रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सुल्तानपुर, चंदू, साढराणा और कल्यावास जैसे गांवों की जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण की होड़ मची है।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में अवैध निर्माणों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। शुरुआत में यहाँ करीब 104 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए थे, लेकिन वर्तमान सर्वे में यह संख्या बढ़कर 184 हो गई है। इनमें से कई निर्माण ऐसे हैं जिन्हें ढहाने के आदेश पहले भी दिए गए थे, लेकिन उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पर्यावरणविदों का कहना है कि बढ़ते निर्माण और मानवीय दखल के कारण प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक आवास (Habitat) नष्ट हो रहे हैं। भारी मशीनों का शोर और रात में जलने वाली लाइटें विदेशी पक्षियों के आवागमन को बाधित कर रही हैं। यदि इन निर्माणों को तुरंत नहीं रोका गया, तो सुल्तानपुर नेशनल पार्क का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। (Sunltanpur National park)
नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (DTCP) और वन्यजीव विभाग ने अब इस मामले में कड़ा रुख अपनाने का फैसला किया है। जिला प्रशासन ने अवैध निर्माणों की सूची तैयार कर पुलिस बल की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि जिन निर्माणों को नोटिस दिया जा चुका है, उन्हें जल्द ही ध्वस्त करने का अभियान शुरू किया जाएगा। (Sunltanpur National park )