Wedding City : सगाई से विदाई तक सब एक ही जगह, गुरुग्राम का फाजिलवास कैसे बनेगा दुनिया का अनोखा वेडिंग डेस्टिनेशन, जानें पूरा प्लान

HSIIDC के नियोजन विंग के अनुसार, इस वेडिंग सिटी को एक एकीकृत (Integrated) केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Wedding City : हरियाणा सरकार गुरुग्राम को  वेडिंग टूरिज्म के वैश्विक मानचित्र पर लाने की तैयारी कर रही है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) ने गुरुग्राम के फाजिलवास गांव में 186 एकड़ जमीन पर एक भव्य ‘वेडिंग सिटी’ विकसित करने की योजना तैयार की है। इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहाँ सगाई से लेकर विदाई तक की सभी रस्में एक ही परिसर में पूरी की जा सकेंगी।

HSIIDC के नियोजन विंग के अनुसार, इस वेडिंग सिटी को एक एकीकृत (Integrated) केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें भव्य बैंक्वेट हॉल, खुले विशाल गार्डन, आधुनिक कैटरिंग जोन, डेकोरेशन सेवाएं, लग्जरी गेस्ट हाउस और शॉपिंग एरिया शामिल होंगे। इतना ही नहीं, मेहमानों के लिए ट्रांसपोर्ट और मनोरंजन जोन की सुविधा भी इसी परिसर के भीतर होगी, जिससे आयोजकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए शहर में भटकना नहीं पड़ेगा।

HSIIDC के प्रबंध निदेशक सुशील सरवन ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शादी जैसे बड़े आयोजनों को सुव्यवस्थित करना और स्थानीय व्यापार को नई गति देना है। उन्होंने कहा, “यह प्रोजेक्ट ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा पर आधारित है। इससे स्थानीय कारीगरों, ज्वेलर्स, बुटीक संचालकों और इवेंट मैनेजरों को एक बड़ा बाजार मिलेगा।”

विशेषज्ञों का मानना है कि इस वेडिंग सिटी के निर्माण से इवेंट मैनेजमेंट, होटल, ट्रांसपोर्ट और फूड सेक्टर में नौकरियों की बाढ़ आ जाएगी। गुरुग्राम के अलावा सरकार की योजना खरखौदा और पिंजौर में भी इसी तरह की वेडिंग सिटी विकसित करने की है। (Wedding City)

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button