Scorpio Chori : भाई की शादी में जाने के लिए दूसरी शादी से चुरा ली स्कॉर्पियो गाड़ी, दो गिरफ्तार

Scorpio Chori : गुरुग्राम में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है जहां दो चोरों ने एक शादी कार्यक्रम से केवल इसलिए स्कॉर्पियो चोरी कर ली क्योंकि उन्हें अपने भाई की शादी में जाना था । गुरुग्राम पुलिस ने शादी समारोह में स्कॉर्पियो गाड़ी और पर्स चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी बिना बुलाए शादी में पहुंचे थे और मौका पाकर गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है।
शिकायत पर दर्ज हुआ केस
1 नवंबर 2025 को सेक्टर-52 गुरुग्राम में एक शादी के दौरान एक व्यक्ति की स्कॉर्पियो गाड़ी और पर्स चोरी हो गया था। पीड़ित ने 2 नवंबर को थाना सेक्टर-53 में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने दोनों आरोपियों को दबोचा
निरीक्षक नरेंद्र, इंचार्ज अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने कार्रवाई करते हुए—
आरोपी पंकज, निवासी बंका गांव (हाथरस, यूपी) को 08 नवंबर 2025 को वजीराबाद से
आरोपी संदीप (37 वर्ष), निवासी खुटीपुरी ब्राह्मण (हाथरस, यूपी) को 12 नवंबर 2025 को कटारिया चौक से गिरफ्तार किया।
भाई की शादी में जाने के लिए चुराई थी गाड़ी – पुलिस पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें आरोपी पंकज के भाई की शादी में जाने के लिए गाड़ी चाहिए थी ।
1 नवंबर को दोनों बिना निमंत्रण के सेक्टर-52 की शादी में पहुंचे, जहाँ पीड़ित भी मौजूद था।
आरोपी संदीप ने पीड़ित से गाड़ी पार्क करने के बहाने चाबी मांगी, और फिर दोनों स्कॉर्पियो व उसमें रखा पर्स लेकर फरार हो गए।
चोरी के बाद आरोपी गाड़ी को लेकर नरवाना में एक परिचित की शादी में चले गए, जहाँ से पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो बरामद कर ली।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले की आगे जांच जारी है।