Road Rage : कार टकराने के बाद HR मैनेजर पर क्रिकेट बैट और बेसबॉल डंडों से किया जानलेवा हमला
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि ऑल्टो सवार तीन युवकों ने गाड़ी से उतरते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। उनके हाथ में क्रिकेट बैट और बेसबॉल डंडें थे, जिनसे उन्होंने नितेश पर ताबड़तोड़ वार किए।

Road Rage : साइबर सिटी में गुरुग्राम में Road Rage का एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहाँ मामूली बात पर एक कंपनी के अधिकारी को बेरहमी से पीटा गया। आईएमटी मानेसर एक निजी कंपनी में कार्यरत एचआर मैनेजर पर बिना नंबर की गाड़ी में सवार बदमाशों ने क्रिकेट बैट और बेसबॉल के डंडों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर आरोपी फरार हो गए। इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हिमालयन सोसाइटी सेक्टर-एक निवासी नितेश भाटिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आईएमटी मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर काम कर रहा है। 17 फरवरी को ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय Sarita Handa Company के पास एक बिना नंबर प्लेट की ऑल्टो गाड़ी ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। जब नितेश ने गाड़ी से नीचे उतरकर नुकसान के बारे में बात करनी चाही, तो हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया।
बैट और बेसबॉल डंडों से किया हमला
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि ऑल्टो सवार तीन युवकों ने गाड़ी से उतरते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। उनके हाथ में क्रिकेट बैट और बेसबॉल डंडें थे, जिनसे उन्होंने नितेश पर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में नितेश के बाएं कान पर गहरा घाव हुआ है, जिस पर अस्पताल में चार टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा उनके हाथ और पैर में भी चोटें आई हैं। हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित को आईएमटी मानेसर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट (MLR) में कान, हाथ और पैर में लगी चोटों की पुष्टि हुई है। डॉक्टर द्वारा बयान देने के लिए फिट घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कार्यवाही शुरू की।
थाना सेक्टर-7, आईएमटी मानेसर पुलिस ने इस त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ अपराध धारा 281, 125, 324(4), 115(2), और 351(3) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जांच अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बिना नंबर वाली गाड़ी और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।









