Road Accident : गुरुग्राम में तेज़ रफ्तार Mercedes Car डिवाइडर से टकराकर पलटी, सुबह सुबह हुआ हादसा

Road Accident : गुरुग्राम में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला जब एक मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई । हादसा ओल्ड रेलवे रोड स्थित प्रेम मंदिर के सामने शनिवार सुबह करीब छह बजे हुआ । गुरुग्राम में लगातार लोग तेज़ रफ्तार में वाहन चला रहे हैं जिसकी वजह से लगातार इस तरह के हादसे सामने आ रहे हैं ।
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि दिल्ली के द्वारका निवासी राजेश गोदारा अपनी मर्सिडीज कार से गुड़गांव गांव में अपनी मौसी के घर आए थे और शनिवार सुबह अपने घर भरथल (दिल्ली) जा रहे थे । लेकिन जब वो अपनी गाड़ी को लेकर प्रेम मंदिर के पास पहुंचे तो अचानक एक व्यक्ति सड़क पार करने लगा और गाड़ी के सामने आ गया । उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने अपनी गाड़ी अचानक मोड़ दी जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई ।
हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि कार चला रहे राजेश को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई । सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, घायल को तुरंत गाड़ी से बाहर निकाला । दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा । पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और अचानक सामने आए व्यक्ति को बचाने के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है । (Road Accident)
शुक्रवार को भी हुआ था हादसा !
शुक्रवार सुबह भी गुरुग्राम के राजीव चौक अंडरपास में एक इसी तरह तेज़ रफ्तार के कारण सड़क हादसा हुआ था जिसमें तीन गाड़ियां आपस में टकरा गई थी । अंडरपास में आगे चल रही एक वैगन आर कार ने अचानक लेन बदल ली जिसकी वजह से पीछे चल रही पिकअप गाड़ी वैगनआर कार में टकरा गई । इतने में पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रही यूपी नंबर ह्यूंडई अलकजार गाड़ी ने पिकअप वैन में जोरदार टक्कर मार दी जिसकी वजह से अलकज़ार गाड़ी के परखच्चे उड़ गए । गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई ।









