Police Action : डीएलएफ फेज-2 में सड़क जाम करने वाले 5 ऑटो चालक गिरफ्तार, पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ ऑटो चालक निर्धारित स्टैंड के बजाय सड़क के बीचों-बीच या व्यस्त रास्तों पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं

Police Action : शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और अवैध पार्किंग के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर ऑटो खड़े कर राहगीरों और वाहनों का रास्ता अवरुद्ध करने वाले 05 ऑटो चालकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ ऑटो चालक निर्धारित स्टैंड के बजाय सड़क के बीचों-बीच या व्यस्त रास्तों पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे आमजन को निकलने में काफी असुविधा होती है। बुधवार, 29 अप्रैल को पुलिस टीम ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को मौके से काबू किया।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्ण निवासी मैनपुरी (यूपी), संदीप निवासी इटावा (यूपी), बादल सिंह निवासी अलीगढ़ (यूपी), अजय कुमार निवासी पन्ना (मध्य प्रदेश) ,लव कुश: निवासी प्रतापगढ़ (यूपी) के रूप में हुई ।
पुलिस टीम ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ डीएलएफ फेज-2 थाने में संबंधित धाराओं के तहत 04 अलग-अलग मामले (FIR) दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को नियमानुसार जांच में शामिल किया गया है और मामलों की तफ्तीश जारी है।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण और गलत पार्किंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। (Police Action)