Metro और Namo Bharat का रास्ता साफ: शंकर चौक पर ही बनेगा RRTS स्टेशन

दिल्ली से धारूहेड़ा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के साइबर सिटी स्टेशन की जगह को लेकर चल रहे गतिरोध को बैठक में दूर करने का प्रयास किया गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने स्पष्ट किया कि नमो भारत ट्रेन का स्टेशन शंकर चौक पर ही बनेगा, और वह इसकी जगह में बदलाव के लिए तैयार नहीं है।

Metro और Namo Bharat : गुरुग्राम की दो महत्वपूर्ण परिवहन परियोजनाओं  ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो और नमो भारत (RRTS) ट्रेन  के निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए गुरुवार को हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक में कई लंबित मुद्दों पर त्वरित समाधान के निर्देश जारी किए गए।

इस बैठक में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, बिजली निगम, एनसीआरटीसी (NCRTC), जीएमआरएल (GMRL), एचएसआईआईडीसी (HSIIDC) और नगर निगम के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।

दिल्ली से धारूहेड़ा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के साइबर सिटी स्टेशन की जगह को लेकर चल रहे गतिरोध को बैठक में दूर करने का प्रयास किया गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने स्पष्ट किया कि नमो भारत ट्रेन का स्टेशन शंकर चौक पर ही बनेगा, और वह इसकी जगह में बदलाव के लिए तैयार नहीं है।

एचएसआईआईडीसी ने स्टेशन के कारण यातायात जाम लगने की आशंका जताई थी। इसके जवाब में, एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने स्टेशन का नया डिजाइन पेश किया। इस डिजाइन के तहत, प्रवेश और निकासी द्वार साइबर सिटी, साइबर हब और एचआईएल की जमीन के पास दूर-दूर बनाए जाएंगे, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या न हो। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे एनसीआरटीसी द्वारा प्रस्तुत नए डिजाइन का तत्काल अध्ययन करें और आगे की कार्रवाई अमल में लाएं।

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के लिए हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क चौड़ीकरण में आ रही कानूनी अड़चन को लेकर भी चर्चा हुई।  बीकानेर मिष्ठान भंडार से संबंधित स्टे ऑर्डर के कारण सड़क चौड़ीकरण और मेट्रो के वायाडक्ट निर्माण में बाधा आ रही है।

मुख्य सचिव ने निर्देश जारी किए कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय को इस स्थिति से तुरंत अवगत कराया जाए। उच्च न्यायालय को बताया जाए कि स्टे के कारण दोनों महत्वपूर्ण सार्वजनिक परियोजनाएं अटकी हुई हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 27 जनवरी को निर्धारित है।

 

 

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button