Gurugram के राजेन्द्रा पार्क में इस साल नहीं होगी Water Logging, दशकों पुरानी समस्या जड़ से खत्म होने की कगार पर
दौलताबाद फ्लाईओवर से धनवापुर एसटीपी तक की 900 एमएम सीवर लाइन अत्यंत खराब स्थिति में थी और इसके ढहने का खतरा बना हुआ था ।

Water Logging : गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क इलाके में लंबे समय से चली आ रही सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या के समाधान के लिए डी-सिल्टिंग, नई सीवर लाइन बिछाने एवं पुरानी लाइनों के सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है । राजेंद्रा पार्क एक लो-लाइंग एरिया है, जहां सीवर लाइनों में अत्यधिक सिल्ट जमा होने के कारण सिवरेज ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इस क्षेत्र का सीवेज 600 एमएम एवं 900 एमएम की मास्टर सीवर लाइनों के माध्यम से धनवापुर एसटीपी तक जाता है, जो ओवरकैपेसिटी और खराब स्थिति के कारण समस्या का मुख्य कारण बनीं।
नई 1200 एमएम सीवर लाइन का कार्य प्रगति पर
दौलताबाद फ्लाईओवर से धनवापुर एसटीपी तक की 900 एमएम सीवर लाइन अत्यंत खराब स्थिति में थी और इसके ढहने का खतरा बना हुआ था । इस लाइन में कई अन्य छोटी लाइनें फीड होने के कारण क्षमता से अधिक भार पड़ रहा था । स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धनवापुर चौक (बीकानेर स्वीट्स के पास) से एसटीपी तक नई 1200 एमएम सीवर लाइन बिछाने का कार्य स्वीकृत करके वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है तथा डी-वॉटरिंग का कार्य प्रगति पर है ।

इसके अतिरिक्त, धनवापुर रोड पर गोडरेज समिट के पास से धनवापुर गांव चौक तक 900 एमएम सीवर लाइन का एमडब्ल्यूएसएल तकनीक से रिहैबिलिटेशन कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है । अब तक लगभग 100 मीटर पाइपलाइन की डी-सिल्टिंग पूरी की जा चुकी है ।
आंतरिक सीवर लाइनों की सफाई में 70 प्रतिशत प्रगति
राजेंद्र पार्क क्षेत्र की आंतरिक सीवर लाइनों की डी-सिल्टिंग का कार्य एजेंसी को सौंपा गया है, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं खेतों वाली गली की 600 एमएम सीवर लाइन की सफाई का कार्य भी आवंटित कर दिया गया है, जिसे शीघ्र शुरू किया जाएगा। विष्णु गार्डन क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की समस्या के समाधान के लिए स्वरूप गार्डन से सराय अलावर्दी एसटीपी तक 600 एमएम सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है ।
इसके अलावा बजघेडा रोड, टेकचंद नगर, सूरत नगर, सागर एन्क्लेव सहित विभिन्न वार्डों में मास्टर सीवर लाइनों की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य 50 से 70 प्रतिशत तक पूर्ण किया जा चुका है । नगर निगम का लक्ष्य है कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर मानसून से पहले शहरवासियों को सिवरेज ओवरफ्लो एवं जलभराव की समस्या से स्थायी राहत प्रदान की जा सके ।











