New Year High Alert: हुड़दंगियों से निपटने को 5400 पुलिसकर्मी तैनात, पार्किंग को लेकर एडवाइजरी जारी
पब और बार मालिकों के लिए कड़े निर्देश (BNSS धारा 168) पुलिस ने शहर के सभी होटल, क्लब और पब संचालकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किया है।

New Year High Alert : नए साल 2026 के स्वागत के लिए साइबर सिटी गुरुग्राम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के नेतृत्व में गुरुग्राम पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए करीब 5400 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जश्न के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और नागरिक सुरक्षित महसूस करें।
सादी वर्दी में तैनात होंगे ‘सीक्रेट’ जवान शहर में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा योजना तैयार की है। शहर के 22 प्रमुख हॉटस्पॉट्स और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ये गुप्त टीमें भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगी।
सीमाओं पर 10 इंटरस्टेट नाके बाहरी तत्वों और अपराधियों के प्रवेश को रोकने के लिए गुरुग्राम की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इंटरस्टेट कनेक्टिविटी: दिल्ली-जयपुर हाईवे और अन्य सीमाओं पर 10 इंटरस्टेट नाके लगाए गए हैं।शहर के भीतर घेराबंदी: गुरुग्राम के अंदर कुल 68 विशेष नाके स्थापित किए गए हैं। सबसे अधिक 32 नाके ईस्ट जोन में होंगे, जबकि वेस्ट जोन में 21, साउथ में 8 और मानेसर में 7 नाके तैनात रहेंगे।
पब और बार मालिकों के लिए कड़े निर्देश (BNSS धारा 168) पुलिस ने शहर के सभी होटल, क्लब और पब संचालकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किया है। यदि कोई ग्राहक नशे की हालत में पाया जाता है, तो उसे गाड़ी चलाने से रोकना और सुरक्षित घर पहुँचाना अब बार/होटल संचालक की कानूनी जिम्मेदारी होगी। निर्देशों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने जैसी कठोर कार्यवाही की जा सकती है।
ट्रैफिक जाम से राहत: 10 स्थानों पर पार्किंग की सुविधा नए साल की शाम को सड़कों पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष पार्किंग जोन बनाए हैं। मुख्य पार्किंग स्थल: लेजर वैली (सेक्टर-29), साइबर हब, वेस्टिन होटल के पास और हुड्डा जिमखाना सहित 10 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात रहेंगी।
आपातकालीन सेवाओं का अलर्ट किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बम डिस्पोजल स्क्वॉड, काउंटर असॉल्ट टीमें और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ हाई अलर्ट पर रहेंगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और शांतिपूर्ण तरीके से उत्सव मनाएं।









