New Year Celebrations : गुरुग्राम में भी हैं मिनी हिल स्टेशन, नए साल पर भीड़भाड़ छोड़ इन छिपे हुए ठिकानों को करें एक्सप्लोर
हिमाचल-उत्तराखंड जाने की टेंशन खत्म; अरावली की गोद में बसे ये डेस्टिनेशन बनाएंगे आपके नए साल को यादगार

New Year Celebrations : नया साल पर जश्न मनाने के लिए उत्तर भारतीयों की पहली पसंद पहाड़ होते हैं। इस बार हिमाचल और उत्तराखंड की वादियों में पर्यटकों का भारी हुजूम और घंटों लंबे ट्रैफिक जाम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अगर आप भी भीड़भाड़ और सफ़र की थकान से बचकर सुकून भरा न्यू ईयर सेलिब्रेट करना चाहते हैं, तो मिलेनियम सिटी गुरुग्राम के पास ही कई ऐसे मिनी हिल स्टेशंस हैं, जो आपको किसी बड़े टूरिस्ट स्पॉट जैसा अहसास कराएंगे।
फर्रुखनगर की शांत पहाड़ियां
शहर के शोर-शराबे से दूर फर्रुखनगर की पहाड़ियां उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प हैं जो शांति पसंद करते हैं। यहां की खुली वादियां और सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाएं आपको किसी हिल स्टेशन की याद दिला देंगी। नए साल की पहली सुबह यहां सनराइज (सूर्योदय) देखना एक जादुई अनुभव से कम नहीं हैं।
अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क
अगर आपके पास समय कम है और आप बच्चों के साथ हैं, तो एमजी रोड के पास स्थित यह पार्क सबसे अच्छा विकल्प है। यहां के ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्ते और घनी हरियाली आपको शहर में होने का अहसास ही नहीं होने देंगे। नेचर वॉक और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह गुरुग्राम का सबसे पसंदीदा स्पॉट है।
अरावली हिल्स और दमदमा लेक
दिल्ली-एनसीआर से महज 30-35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अरावली की श्रृंखलाएं और दमदमा झील का नज़ारा बेहद दिलकश है। यहां आप न सिर्फ़ पहाड़ियों का लुत्फ उठा सकते हैं, बल्कि बोटिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स और झील किनारे कैंपिंग का भी आनंद ले सकते हैं। न्यू ईयर ईव के लिए यह एक परफेक्ट गेटवे है।
अरावली का सीक्रेट डेस्टिनेशन
अरावली की पहाड़ियों के बीच बसा मांगर गांव अपनी प्राकृतिक सुंदरता और प्राचीनता के लिए जाना जाता है। यहाँ की हरियाली और छोटे-छोटे ट्रैकिंग ट्रेल्स आपको रोमांचित कर देंगे। अगर आप भीड़ से पूरी तरह कटना चाहते हैं, तो यहाँ का सनसेट (सूर्यास्त) व्यू आपकी न्यू ईयर ट्रिप को यादगार बना देगा।
पंडाला हिल्स
ट्रैवलर राजेश टूटेजा ने बताया कि गुरुग्राम में काफी जगह है,जो आपके नए साल के जश्न में चार चांद लगाने का काम करेगी। इनमें से एक पंडाला हिन्स भी शामिल है। पंडाला हिल्स तक पहुंचने के लिए लैपर्ड ट्रेल से होकर गुजरना पड़ता है,यहां पर पहाड़ों जैसा अलग ही अनुभव होता है। पंडाला हिल्स पर बने कैफे में बैठकर अरावली में घूम सकते है। यहां पर सूर्योदय और सूर्यास्त देखने के लिए लोग काफी दूर से भी आते है।









