Murder : डिलीवरी ब्वॉय की संदूक में मिली लाश ! लिव इन पार्टनर ने तीन दिन बाद फोन कर दी जानकारी !

Murder : गुरुग्राम में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है । सेक्टर 54 इलाके में संदूक के अंदर एक 24 वर्षीय डिलीवरी ब्वॉय का शव मिला है । हत्या की जानकारी खुद मृतक की लिव इन पार्टनर ने मृतक के भाई को फोन करके दी । गुरुग्राम पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है ।
बेरहमी से हत्या फिर संदूक में बंद कर दिया शव
मिली जानकारी के अनुसार हत्या की वारदात को तीन चार दिन पहले अंजाम दिया गया लेकिन हत्या का खुलासा रविवार दोपहर उस समय हुआ जब मृतक के साथ रहने वाली लिव इन पार्टनर ने फोन कर मृतक के भाई को हत्या और शव की जानकारी दी । जब मृतक का भाई मौके पर पहुंचा तो उसने अपने भाई के शव को संदूक के अंदर बंद पाया ।
मृतक के भाई शशिकांत शर्मा ने बताया कि उसके भाई का शव सड़ चुका था और उसके गले पर तेज़ धारदार हथियार के गहरे घाव थे और चेहरा भी जला हुआ दिखाई दे रहा था । जिससे प्रतीत होता है कि डिलीवरी ब्वॉय को बड़ी बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया । बाद में पुलिस को जानकारी दी गई जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है ।
लिव इन पार्टनर ने दी हत्या की जानकारी
मृतक 24 वर्षीय डिलीवरी ब्वॉय की पहचान बिहार निवासी अमन शर्मा के रुप में हुई है । मृतक अमन के भाई उमा कुमार शर्मा ने बताया कि उसका भाई अमन गुरुग्राम में डिलीवरी ब्वॉय की जॉब करता था । उमा ने बताया कि अमन पिछले लगभग डेढ साल से एक युवती के साथ लिव इन में सेक्टर 54 इलाके में रहता था ।
अमन युवती के साथ शादी करना चाहता था लेकिन युवती किसी अन्य युवक के साथ शादी करना चाहती थी । इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद रहता था । उमा कुमार ने बताया कि रविवार को उनके बड़े भाई शशिकांत शर्मा के पास उस युवती का फोन आया जिसने बताया कि अमन की डेडबॉडी उसके कमरे पर संदूक में बंद पड़ा हुआ है ।
जिस जानकारी पर शशिकांत ने मौके पर जाकर देखा तो अमन का सड़ा गला हुआ शव संदूक के अंदर बंद पड़ा हुआ था । पुलिस को हत्या की जानकारी दी गई जिसके बाद सेक्टर 53 थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया ।
हत्यारों के नाम भी बताए
शशिकांत ने बताया कि युवती ने शव की जानकारी के साथ साथ हत्या करने वाले लोगों के भी नाम बताए जिस आधार पर गुरुग्राम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई । गुरुग्राम पुलिस की टीम ने शिकायत के आधार पर और जांच करते हुए मोहम्मद सिराज और सोनू कुमार नाम के दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है । वहीं मृतक अमन के भाई उमा कुमार शर्मा ने हत्या में अमन की लिव इन पार्टनर के हाथ होने का भी शक जाहिर किया है ।
लिव इन पार्टनर की जांच के घेरे में
वहीं पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि मृतक अमन की लिव इन पार्टनर को तीन दिन बाद हत्या की बात कैसे पता चली । इसी संदेह के चलते लिव इन पार्टनर युवती भी पुलिस की जांच के घेरे में है । पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर तीन दिन बाद युवती को हत्या के बारे में कैसे पता चला और उसको कैसे पता कि हत्या किसने की है ।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतक अमन के भाई की शिकायत पर हत्या की धाराओं और शव को क्षतविक्षत करने का केस दर्ज कर लिया गया है । कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है । सेक्टर 53 पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है । पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या कैसे की गई इसका खुलासा हो पाएगा ।