Murder In Gurugram : मानेसर में बेड के अंदर मिला युवती का शव, अपनों पर ही हत्या का शक

Murder In Gurugram : गुरुग्राम के मानेसर इलाके में एक 22 वर्षीय युवती की हत्या कर उसका शव बेड के अंदर छिपा दिया गया । मृतका के भाई ने युवती की हत्या का शक मामा के लड़के पर जताया है । सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि मानेसर के बासकुसला इलाके में शंकर की ढाणी में एक युवती की गला घोंटकर हत्या कर उसके शव को बेड में छिपा दिया है ।
जिस सूचना पर सेक्टर 7 आईएमटी मानेसर थाने की टीम मौके पर पहुंची । पुलिस टीम को युवती का शव कमरे में रखे बेड के अंदर मिला । पुलिस टीम ने मौके पर फिंगरप्रिंट और सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है ।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतक युवती की पहचान यूपी के हरदोई की रहने वाली सोनी के रुप में हुई है । पुलिस को मृतका सोनी के भाई ने शिकायत देकर बताया है कि सोनी की हत्या उसके मामा के लड़के देवेश कुमार उर्फ रिंकू ने की है । युवती की हत्या गला घोंटकर की गई है ।
पुलिस का कहना है कि हत्या के मामले में केस दर्ज कर क्राइम ब्रांच की टीमों को आरोपी की धरपकड़ के लिए लगाया गया है । जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा जिसके बाद हत्या के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा ।