Murder Case : शक की सनक में पति ने तकिए से घोंटा शीलू का गला, पुलिस ने 3 राज्यों में पीछा कर दबोचा
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी सन्नी दयाल ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। सन्नी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर आए दिन झगड़ा होता था।

Murder Case : रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला गुरुग्राम के खांडसा गांव से सामने आया है। यहाँ एक पति ने अपने ही पवित्र रिश्ते का गला घोंट दिया। चरित्र पर शक की ऐसी सनक सवार हुई कि सन्नी दयाल नामक व्यक्ति ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी शीलू देवी की तकिए से मुंह दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे को बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया, ताकि लाश सड़ती रहे और किसी को भनक न लगे।
मृतका शीलू के भाई को जब अनहोनी का अहसास हुआ, तो वह खांडसा स्थित किराए के कमरे पर पहुँचा। कमरे पर ताला लटका देख जब उसे तोड़ा गया, तो अंदर का नजारा रूह कंपा देने वाला था। बेड पर शीलू की लाश पड़ी थी और उसकी नाक से खून बह रहा था। गुरुग्राम पुलिस की FSL और सीन-ऑफ-क्राइम की टीमों ने मौके पर पहुँचकर सुबूत जुटाए, जिसके बाद हत्यारे पति की तलाश शुरू हुई।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी सन्नी दयाल ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। सन्नी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर आए दिन झगड़ा होता था। 28 जनवरी की रात विवाद इतना बढ़ा कि सन्नी ने सारी हदें पार कर दीं। उसने शीलू को बिस्तर पर पटका और तकिए से तब तक उसका दम घोंटा जब तक उसकी जान नहीं निकल गई।
कत्ल करने के बाद आरोपी सन्नी बेहद शातिर तरीके से शहर छोड़कर भाग गया। पुलिस से बचने के लिए वह पहले आगरा (यूपी) और फिर जयपुर (राजस्थान) में छिपा रहा। हालांकि, गुरुग्राम पुलिस की सेक्टर-37 टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसे खांडसा इलाके से ही दबोच लिया, जब वह वापस अपनी स्थिति का जायजा लेने लौटा था।










