Mukhyamantri Shehri Awas Yojana : बुकिंग फिर शुरू, मात्र ₹1.50 लाख में मिलेगा फ्लैट, 25 फरवरी आखिरी तारीख

एडीसी ने बताया कि पात्र आवेदकों को ₹10,000 की बुकिंग राशि तथा निर्धारित एफिडेविट 25 फरवरी तक अनिवार्य रूप से जमा करवाने होंगे।

Mukhyamantri Shehri Awas Yojana : मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में गुरुग्राम जिले में फ्लैट बुकिंग प्रक्रिया के लिए पोर्टल को पुनः खोल दिया गया है। अब पात्र आवेदक 25 फरवरी तक अपनी बुकिंग प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। योजना के तहत पात्र परिवारों को मात्र ₹1 लाख 50 हजार की राशि में फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।

एडीसी सोनू भट्ट, जोकि जिले में योजना के नोडल अधिकारी भी हैं, ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत निगम क्षेत्र से कुल 12,384 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से प्रथम चरण की सत्यापन प्रक्रिया में 4,728 आवेदन पात्र पाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वही परिवार फ्लैट बुकिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो पहले चरण की जांच में पात्र घोषित किए गए हैं।

एडीसी ने बताया कि पात्र आवेदकों को ₹10,000 की बुकिंग राशि तथा निर्धारित एफिडेविट 25 फरवरी तक अनिवार्य रूप से जमा करवाने होंगे। जो आवेदक निर्धारित तिथि तक बुकिंग राशि व एफिडेविट जमा नहीं करेंगे, उनके आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे और उन्हें आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बुकिंग के उपरांत दूसरे चरण की सत्यापन प्रक्रिया की जाएगी। इसके पश्चात अंतिम रूप से पात्र पाए गए लाभार्थियों को ड्रा प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। ड्रा में चयनित लाभार्थियों को शेष ₹1 लाख 40 हजार की राशि जमा करानी होगी। वहीं, जिन आवेदकों का चयन ड्रा में नहीं होगा, उनकी ₹10,000 की बुकिंग राशि वापस कर दी जाएगी।

योजना के अंतर्गत नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आरक्षित फ्लैट्स का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया एवं निर्धारित नीति के अनुसार किया जाएगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी हाउसिंग फॉर ऑल विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट https://hfa.haryana.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए आवेदक 0172-2585852 पर संपर्क कर सकते हैं।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button