Gurugram Police के थाने से मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी हाथ छुड़ाकर हुआ फरार, कोर्ट से रिमांड लेकर लाए थे थाने

Gurugram Police : दुनियाभर में साइबर सिटी के नाम से मशहूर गुरुग्राम में शुक्रवार को गुरुग्राम पुलिस की गिरफ्त से मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी चकमा देकर थाने से ही फरार हो गया । आरोपी को पुलिस टीम कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर थाने लेकर आए थी लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाने से ही फरार हो गया ।
कोर्ट से रिमांड मिला आरोपी रफू चक्कर हुआ
जानकारी मिली है कि गुरुग्राम पुलिस के सेक्टर 29 थाने की टीम ने दिल्ली के मांडी इलाके की शांति कॉलोनी निवासी रवि और उसके साथी आदित्य को मोबाइल स्नैचिंग के आरोप में गिऱफ्तार किया था । दोनों आरोपियों को शुक्रवार दोपहर को ही गुरुग्राम की जिला अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने दोनों आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड में भेजा था ।
जब पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड मिलने के बाद वापिस सेक्टर 29 थाने लेकर आई तो उसी दौरान आरोपी रवि पुलिस कर्मी को चकमा देकर कस्टडी से फरार हो गया ।
थाने से ही फरार, पुलिस पकड़ने में नाकाम
जब पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर थाने पहुंची तो 25 वर्षीय आरोपी रवि पुलिसकर्मी को धक्का देकर मौके से फरार हो गया । आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस कर्मी भी उसके पीछे भागे लेकिन पुलिसकर्मी भागते हुए आरोपी को पकड़ने में नाकामयाब रही ।
अब सेक्टर 29 थाने के हेड कॉन्सटेबल प्रदीप कुमार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एक और केस दर्ज कर लिया है । पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि इस मामले में गहन जांच की जा रही है कि आखिर आरोपी पुलिस गिरफ्त से कैसे फरार हो गया साथ ही पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
दिल्ली से स्नैचिंग करने आते थे
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया है कि दोनों आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं और गुरुग्राम में स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए गुरुग्राम में बाइक से आते थे । दोनों आरोपियों के खिलाफ 25 फरवरी को ही गुरुग्राम के सेक्टर 29 थाने में मोबाइल स्नैचिंग का केस दर्ज किया गया था ।









