SPR Road की Sohna Road से बेहतर होगी कनेक्टिविटी, सेक्टर 68-69 डिवाइडिंग रोड़ बनाने का काम शुरु

SPR Road : गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे दक्षिणी हिस्से में सड़क कनेक्टिविटी की बड़ी कमी दूर होने जा रही है। सेक्टर 68/69 की डिवाइडिंग रोड पर लंबे समय से जरूरी मिसिंग लिंक को अब जमीन पर उतारने की शुरुआत हो गई है। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव, विदेश सहयोग तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को परियोजना का शिलान्यास किया। लिंक बनने के बाद सदर्न पेरिफेरी रोड (एसपीआर) और सोहना रोड के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और सेक्टर 68, 69, 70, 70ए, 75 और 76 तक पहुंच आसान होगी।

यहाँ उल्लेखनीय है कि परियोजना को केवल सड़क बनाने तक सीमित नहीं रखा गया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इसे पूरे इंटीग्रेटेड कॉरिडोर के रूप में विकसित करेगा, जिसमें सड़क, सर्विस रोड, फुटपाथ, ड्रेनेज और हॉर्टिकल्चर का काम एक साथ होगा।

शिलान्यास अवसर पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के तेजी से विस्तार के साथ उसके आधारभूत ढांचे को भी उसी गति से मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना निवासियों, रोजाना आने-जाने वालों और कारोबारियों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर करेगी।

12 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीसी मीणा ने कहा कि मिसिंग लिंक को जोड़ना और सड़क नेटवर्क को एकीकृत रूप देना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। संबंधित टीमों को काम तेजी से आगे बढ़ाने और 12 महीने की निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस लिंक के तैयार होने से सदर्नपेरिफेरी रोड , सोहना रोड और आसपास के सेक्टरों के बीच यातायात का नेटवर्क और मजबूत होगा तथा तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र की भविष्य की मोबिलिटी जरूरतों को भी बेहतर आधार मिलेगा।

900 मीटर नई सड़क, 1100 मीटर पर होगा ओवरले

परियोजना के तहत करीब 900 मीटर नई मेन कैरिजवे बनाया जाएगा । इसके साथ लगभग 1100 मीटर मौजूदा कैरिजवे पर ओवरले किया जाएगा। स्थानीय यातायात को मुख्य सड़क से अलग सुविधा देने के लिए करीब 2 किलोमीटर लंबी नई दो-लेन सर्विस रोड भी बनाई जाएगी । पैदल चलने वालों के लिए डेडिकेटेड फुटपाथ और बारिश के पानी की निकासी के लिए सरफेस ड्रेन बनाई जाएगी । सड़क के आसपास हॉर्टिकल्चर का काम भी होगा।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤