Sex Racket In PG : गुरुग्राम के PG में हाइप्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, रैकेट चलाने वाले पति पत्नी गिरफ्तार

Sex Racket In PG : गुरुग्राम के मॉल में स्पा सेंटर में सेक्स रैकेट पकड़े जाने के बाद अब गुरुग्राम के पीजी में भी हाइप्रोफाइल देहव्यापार का भांडाफोड़ हुआ है । गुरुग्राम पुलिस ने झाड़सा इलाके में पीजी के अंदर छापा मारकर बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है । पीजी के अंदर से कई लड़कियों समेत 21 लोगों को हिरासत में लिया है जबकि सेक्स रैकेट चलाने वाले पति पत्नी को भी गिरफ्तार किया है ।

18 तथा 19 सितंबर इन दो दिनों में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों, महिलाओं एवं लड़कियों के शोषण तथा मानव तस्करी से संबंधित सूचनाओं के आधार पर विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल से 30 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 20 युवकों से पूछताछ की जा रही है। वहीं सेक्टर-38 स्थित एक भवन में 13 युवक और 8 युवतियां संदिग्ध अनैतिक गतिविधियों में पाए गए। पूरे मामले की जांच गुरुग्राम पुलिस द्वारा कानून के अनुसार की जा रही है।

सफायर मॉल में 18 स्पा सेंटरों पर कार्रवाई

गुरुग्राम पुलिस के एसीपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि अभियान के तहत 18 सितंबर की रात सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल में संचालित 18 स्पा सेंटरों पर गुरुग्राम पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। अभियान में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं अधिकारी शामिल रहे। जांच के दौरान कई स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल, दस्तावेजी एवं अन्य साक्ष्यों को जांच के दायरे में लिया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 30 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 20 युवकों से पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा विधि के अनुसार जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

काउंसलिंग के दौरान सामने आई गंभीर जानकारी

एसीपी ने बताया कि कार्रवाई के अगले दिन आयोग द्वारा रेस्क्यू की गई पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान एक पीड़िता ने अत्यंत गंभीर तथ्य सामने रखे। उसके द्वारा बताया गया कि नाबालिग अवस्था में ही उसका कथित रूप से शोषण किया गया तथा कुछ व्यक्तियों द्वारा उसे इन गतिविधियों में धकेले जाने की जानकारी दी गई। पीड़िता द्वारा कुछ व्यक्तियों के नाम भी बताए गए।

सेक्टर-38 के पीजी में कार्रवाई, 13 युवक और 8 युवतियां मिले

प्राप्त जानकारी के आधार पर गुरुग्राम पुलिस की टीम द्वारा सेक्टर-38 स्थित एक पीजी में भी कार्रवाई की गई। यहां 13 युवक और 8 युवतियां पाए गए, जिनके संबंध में प्रथम दृष्टया संदिग्ध अनैतिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आई । पुलिस ने इस हाइप्रोफाइल सेक्स रैकेट को ऑपरेट करने वाले दंपत्ति पति पत्नी को भी गिरफ्तार किया है । मौके से प्राप्त दस्तावेजों, परिस्थितियों एवं अन्य साक्ष्यों को पुलिस जांच में शामिल किया गया है। एसीपी ने बताया कि कुछ पीड़ित लड़कियों ने काउंसलिंग के दौरान यह भी बताया कि उन्हें डराकर, धमकाकर अथवा उनकी इच्छा के विरुद्ध इन गतिविधियों में लाया गया। इन सभी गंभीर आरोपों की पुलिस द्वारा विधि सम्मत जांच की जा रही है।

हथियार मिलने की भी पुलिस कर रही जांच

प्रेस वार्ता के दौरान पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में एसीपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक स्पा सेंटर से एक हथियार भी मिला है। हथियार की प्रकृति तथा उससे जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जो भी तथ्य जांच के दौरान सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

एसीपी अभिलक्ष जोशी ने कहा कि हरियाणा पुलिस किसी भी महिला या लड़की के शोषण, मानव तस्करी, जबरन देह व्यापार अथवा किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कार्य करेगी । उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा ।

उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का उद्देश्य केवल संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि ऐसी परिस्थितियों में फंसी महिलाओं एवं लड़कियों की पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति को समझना और उन्हें आवश्यक सहायता, संरक्षण तथा कानूनी सहयोग उपलब्ध करवाना भी है।

पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग लगातार जारी

एसीपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग लगातार जारी है। काउंसलिंग एवं जांच के दौरान जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उन्हें कानून के अनुसार संबंधित सक्षम एजेंसियों के समक्ष रखा जाएगा । उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का संकल्प है कि प्रदेश में किसी भी महिला या लड़की का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤