Gurugram Nagar Nigam का बड़ा एक्शन, घरों-दुकानों के बाहर बने 180 रैंप तोड़े, कई मकान सील किए

Gurugram Nagar Nigam : नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों तथा अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को निगम क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में इंफोर्समेंट टीमों द्वारा एक साथ कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत निर्माणों को हटाया गया, भवनों को सील किया गया तथा सड़क क्षेत्र में बनाए गए रैंप तोड़े गए।

न्यू कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई

सहायक अभियंता आरके मोगिया के नेतृत्व में इंफोर्समेंट टीम ने न्यू कॉलोनी सर्कुलर रोड पर अनाधिकृत रूप से निर्मित एक बड़े व्यावसायिक भवन के खिलाफ कार्रवाई की। जेसीबी की सहायता से भवन को जमींदोज कर दिया गया। इसके अलावा क्षेत्र में 2 अन्य व्यावसायिक भवनों को सील किया गया तथा सड़क क्षेत्र में बनाए गए 80 से अधिक रैंप तोड़े गए। टीम द्वारा पटेल नगर और बर्फ खाना क्षेत्र में भी 2 भवनों को सील किया गया।

धर्म कॉलोनी और अशोक विहार में भी कार्रवाई

सहायक अभियंता सुनील लाठर के नेतृत्व में इंफोर्समेंट टीम ने धर्म कॉलोनी और अशोक विहार-3 में कार्रवाई करते हुए 3 भवनों को सील किया। इसके साथ ही अतुल कटारिया चौक रोड के आसपास किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया, ताकि सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जा सके।

राजेंद्रा पार्क में 100 से अधिक रैंप हटाए

वहीं, सहायक अभियंता हरिप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क क्षेत्र में बनाए गए 100 से अधिक रैंप तोड़े। निगम की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है, ताकि सार्वजनिक सड़क एवं फुटपाथ क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त रखा जा सके।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माण तथा अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों एवं इंफोर्समेंट टीमों को निर्देश दिए कि अनाधिकृत निर्माण और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थान नागरिकों के आवागमन एवं सुविधा के लिए हैं। इन स्थानों पर अनधिकृत निर्माण या अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम क्षेत्र में नियमित निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को व्यवस्थित, अतिक्रमण मुक्त और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला बनाने की दिशा में इंफोर्समेंट कार्रवाई को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤