Stray Animals : खुले में घूमने वाले पशुओं पर MCG का शिकंजा, एजेंसी तैनात, डेयरी संचालकों को सख्त चेतावनी

शहर की सड़कों को दुर्घटना-मुक्त बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने शुरू किया विशेष अभियान; पशु पकड़ने वाली टीमों के काम में बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई।

Stray Animals/गुरुग्राम,
शहर की सड़कों को आवारा और खुले में घूमने वाले पशुओं (Stray Animals) से मुक्त कराने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने अपने अभियान को तेज कर दिया है। सड़कों पर घूमने वाले पशुओं (Stray Animals) के कारण होने वाली संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से निगम ने जोन-1 से लेकर जोन-8 तक को दो क्लस्टरों में बांटकर ‘एसआर एंटरप्राइजेज’ एजेंसी को पशुओं की कैप्चरिंग और सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन का काम सौंपा है।

इस नई व्यवस्था के तहत एजेंसी दो वर्ष तक के बछड़ों और दो वर्ष से अधिक उम्र के गाय-बैलों को पकड़कर निर्धारित गौशालाओं तक पहुंचाएगी। नगर निगम ने एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यों का रिकॉर्ड लॉग बुक में दर्ज किया जाए और नियमानुसार आवश्यक वाहनों की तैनाती की जाए।


डेयरी संचालक परिसर में ही बांधें पशु, वरना होगी कार्रवाई

नगर निगम ने शहर के सभी डेयरी संचालकों और पशुपालकों को कड़ा संदेश जारी किया है। निगम प्रशासन ने हिदायत दी है कि वे अपने पशुओं को बाड़े या परिसर के भीतर ही बांधकर रखें। यदि कोई पशु सड़क या सार्वजनिक स्थान पर खुला घूमता (Stray Animals) पाया गया, तो उसे तत्काल जब्त कर गौशाला भेज दिया जाएगा। व्यस्त सड़कों और रात के समय आवारा पशुओं के अचानक सामने आने से वाहन चालकों के लिए जानलेवा हादसों का खतरा बना रहता है।


टीमों के काम में रोड़ा अटकाने वालों को चेतावनी

कार्रवाई के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों पर संज्ञान लेते हुए MCG ने चेतावनी दी है कि पशु (Stray Animals) पकड़ने वाली टीमों के सरकारी कार्य में बाधा न डाली जाए। अक्सर देखा गया है कि कुछ युवक या बाइकर ग्रुप कार्रवाई के वक्त टीमों को परेशान करते हैं या पशुओं (Stray Animals) को भगाने की कोशिश करते हैं। इससे डरकर भागते हुए पशु अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ जाती है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।


निगम की शहरवासियों से अपील

नगर निगम ने गुरुग्राम के नागरिकों, पशुपालकों और डेयरी संचालकों से इस अभियान में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सड़कों को सुरक्षित और यातायात को सुचारू बनाने के लिए यह कैप्चरिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤