MCG Action : निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने किया शहर का दौरा, कचरा उठान में सुस्ती पर अधिकारियों को लगाई फटकार
निगमायुक्त सुबह करीब 9:30 बजे राजीव चौक पहुंचे। वहां सड़क किनारे जमा मिट्टी और मलबे को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और उसे तुरंत हटाने का आदेश दिया।

MCG Action : शहर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने कमर कस ली है। गुरुवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने खुद मोर्चा संभालते हुए शहर के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख चौकों और सड़कों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई में लापरवाही मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त सुबह करीब 9:30 बजे राजीव चौक पहुंचे। वहां सड़क किनारे जमा मिट्टी और मलबे को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और उसे तुरंत हटाने का आदेश दिया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा मशीनों से की जा रही सफाई का भी जायजा लिया और कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।
निगमायुक्त का काफिला इसके बाद झाड़सा चौक, सिग्नेचर टावर, एमडीआई चौक, अतुल कटारिया चौक और सीआरपीएफ चौक पहुंचा। उन्होंने विशेष रूप से इन क्षेत्रों में ग्रीन बेल्ट से प्लास्टिक कचरा और बागवानी अपशिष्ट हटाने।सड़कों के किनारे जमा सीएंडडी वेस्ट (मलबा) का उठान सुनिश्चित करने। शीतला माता मंदिर मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “शहर की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और शहर को साफ रखने में सहयोग करें।
इस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव व डॉ. जयवीर यादव, संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक और वरिष्ठ सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। (MCG Action)