IVF Babies Swap गुरुग्राम के कपल का आरोप, अस्पताल ने बदल दिए हमारे जुड़वां बच्चे : दिल्ली के IVF सेंटर पर FIR दर्ज

रसूखदार सोसाइटी में रहने वाले दंपती ने IVF से हुई जुड़वां बच्चियों को अपनाने से इनकार, सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर रोते हुए मांगी मदद

IVF Babies Swap : विज्ञान के इस दौर में जहां आईवीएफ (IVF) तकनीक सूनी गोद भरने का एक बड़ा सहारा बनी है, वहीं दिल्ली-एनसीआर से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसने इस पूरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे (सेक्टर-111) में रहने वाले एक हाई-प्रोफाइल कपल राहुल और मीनू राठौर ने दिल्ली के एक नामी आईवीएफ सेंटर पर बच्चों की अदला-बदली का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। दंपती का दावा है कि आईवीएफ तकनीक से जन्मी उनकी दो जुड़वां बेटियों का डीएनए (DNA) न तो मां से मैच हो रहा है और न ही पिता से। लैब रिपोर्ट में बायोलॉजिकल मैच 0% आने के बाद से ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई है।

IVF Babies Swap : “शक्ल नहीं मिलती…” रिश्तेदारों के टोकने पर कराया टेस्ट

पीड़ित राहुल राठौर के अनुसार, उन्होंने अपनी पत्नी मीनू के इलाज के लिए दिसंबर 2024 में दिल्ली के ग्रेटर कैलाश स्थित एक आईवीएफ सेंटर से संपर्क किया था। उस वक्त डॉक्टरों ने भरोसा दिया था कि इस प्रक्रिया में केवल उन्हीं के स्पर्म और उनकी पत्नी के एग्स का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इसके बाद, जनवरी 2026 में द्वारका के एक प्राइवेट अस्पताल में मीनू ने दो जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया।

घर में खुशियां तो आईं, लेकिन कुछ समय बाद जब रिश्तेदारों और करीबियों ने टोकना शुरू किया कि बच्चियों का चेहरा माता-पिता या परिवार के किसी भी सदस्य से बिल्कुल नहीं मिलता, तो दंपती के मन में शक पैदा हुआ। शक दूर करने के लिए उन्होंने दो अलग-अलग प्रमाणित लैब्स से डीएनए (DNA) टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट ने सबको स्तब्ध कर दिया। बच्चियों का बायोलॉजिकल संबंध उनके माता-पिता से था ही नहीं।

IVF Babies Swap : कोर्ट के आदेश पर FIR, पर 2 महीने से पुलिस मौन!

आरोप है कि जब पीड़ित माता-पिता इस गड़बड़ी की शिकायत लेकर आईवीएफ सेंटर और डिलीवरी कराने वाले अस्पताल पहुंचे, तो प्रबंधन ने अपनी गलती मानने की बजाय उल्टा दंपती पर ही बेबुनियाद आरोप लगाने शुरू कर दिए। पुलिस और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से गुहार लगाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो पीड़ित परिवार ने साकेत कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
IVF Centre Greater

कोर्ट के कड़े रुख के बाद करीब दो महीने पहले ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने ‘प्रजनन प्रौद्योगिकी (ART) अधिनियम, 2021’ और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि दो महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक अस्पताल के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

IVF Babies Swap : साइबर और फॉरेंसिक जांच की मांग: “खंगाले जाएं एम्ब्रियो लॉग”

न्याय की गुहार लगाते हुए राहुल और मीनू राठौर ने मांग की है कि इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए कड़े वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों का सहारा लिया जाना चाहिए:

  • CCTV फुटेज: आईवीएफ सेंटर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को तुरंत जब्त कर जांच के दायरे में लाया जाए।

  • साइबर स्क्रूटनी: अस्पताल के इलेक्ट्रॉनिक डेटाबेस, सर्वर लॉग और आईवीएफ रिकॉर्ड्स की साइबर एक्सपर्ट्स से गहन जांच कराई जाए।

  • फॉरेंसिक एम्ब्रियो लॉग: एम्ब्रियो लॉग (भ्रूण के रिकॉर्ड) की फॉरेंसिक जांच हो, जिससे यह साफ हो सके कि किस तारीख को किस मरीज के भ्रूण का इस्तेमाल कहां और किसके साथ किया गया था।

IVF Babies Swap : सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो वायरल, दूसरे पेरेंट्स से भी अपील

सिस्टम के चक्कर काट-काट कर थक चुके राहुल राठौर ने अब इस मामले को ‘ह्यूमन ट्रैफिकिंग’ (मानव तस्करी) की आशंका से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी और दोनों बच्चियों के साथ एक वीडियो जारी किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रोते हुए इस दंपती ने एक अनोखी और भावुक अपील भी की है। उन्होंने कहा, “जिस किसी भी दंपती ने साल 2025 में इस सेंटर से अपना आईवीएफ ट्रीटमेंट कराया है या जिनके बच्चों का जन्म 5 जनवरी 2026 को द्वारका के इस अस्पताल में हुआ है, वे कृपया अपने बच्चों का डीएनए टेस्ट जरूर करवा लें। हो सकता है कि आपका बच्चा हमारे पास हो और हमारा आपके पास।”

दंपती ने यह भी साफ किया कि वे किसी पर झूठा इल्जाम या केस नहीं करना चाहते, वे बस इतना चाहते हैं कि उनके असली जैविक बच्चे उन्हें मिल जाएं और ये दोनों मासूम बच्चियां भी अपने असली माता-पिता तक पहुंच सकें। फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल मामले ने राजधानी के मेडिकल जगत में हड़कंप मचा दिया है।

Source : https://www.bhaskar.com/ Delhi IVF Baby Swap: Gurugram Couples DNA Test Fails

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button