Gurugram में हैवान बना पति: खाना अच्छा नहीं बनने पर बेलन से पीट-पीटकर पत्नी को मार डाला

पड़ोसियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी साहिब साहनी शराब पीने का बेहद आदी है और अक्सर हर शाम शराब के नशे में ही घर लौटता था। रविवार रात को भी वह अत्यधिक शराब पीकर अपनी झुग्गी पर आया था।

Gurugram : साइबर सिटी के सेक्टर-93 इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शराबी पति ने मामूली बात पर विवाद होने के बाद अपनी पत्नी की बेलन से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी सोमवार सुबह पड़ोसियों के जरिए पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

मृतक महिला की पहचान 36 वर्षीय मीना देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम साहिब साहनी है। यह परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के चैनपुर-मीनापुर गांव का रहने वाला है। पिछले कई सालों से यह दंपती गुरुग्राम के अलग-अलग इलाकों में रह रहा था। वर्तमान में साहिब और मीना एक ठेकेदार के अधीन निर्माण श्रमिक (मजदूर) के रूप में काम करते थे और सेक्टर-93 स्थित सफायर मॉल की बिल्डिंग के पास झुग्गी बनाकर रह रहे थे।

पड़ोसियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी साहिब साहनी शराब पीने का बेहद आदी है और अक्सर हर शाम शराब के नशे में ही घर लौटता था। रविवार रात को भी वह अत्यधिक शराब पीकर अपनी झुग्गी पर आया था। रात करीब 12 बजे जब वह खाना खाने बैठा, तो भोजन का स्वाद अच्छा न होने की बात कहकर उसने मीना देवी के साथ गाली-गलौज और झगड़ा करना शुरू कर दिया।

विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि गुस्से में आकर साहिब ने घर में रखे बेलन को उठा लिया और मीना के सिर तथा शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोटें लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मीना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह जब आस-पास के लोगों को इस वारदात का पता चला, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। (Gurugram)

इस खौफनाक वारदात के बाद दंपती के छह बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मीना और साहिब की तीन बेटियां और तीन बेटे हैं। इनमें सबसे बड़ा बेटा 15 साल का है, जो काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता है, जबकि सबसे छोटा बेटा महज तीन साल का है। माँ की मौत और पिता के जेल जाने के बाद इन मासूमों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (Gurugram)

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button